धनबाद से विक्की प्रसाद की रिपोर्ट
Dhanbad Fake Paneer: झारखंड के धनबाद जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने गुरुवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली पनीर और घी की खेप बरामद की है. स्टेशन रोड इलाके में की गई छापेमारी के दौरान करीब 1400 किलो नकली पनीर और 5 से 7 टिन नकली नेपाली घी जब्त किया गया. इस कार्रवाई के दौरान मुख्य तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
पटना से बस के जरिए सप्लाई
फूड सेफ्टी अधिकारी राजा कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के पटना से बस के जरिए नकली पनीर और घी की बड़ी खेप धनबाद लाई जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने गुरुवार तड़के स्टेशन रोड में घेराबंदी कर छापेमारी की. जांच के दौरान बस से भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर और घी बरामद किया गया.
जांच में पनीर और घी पाई गई नकली
अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए पनीर और घी की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण मौके पर ही प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें इनके नकली होने की आशंका जताई गई. इसके बाद पूरे सामान को जब्त कर लिया गया. विभाग की टीम ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
होटल-रेस्टोरेंट में नकली पनीर खपाने की थी तैयारी
फूड सेफ्टी अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि इस नकली पनीर और घी को शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और दुकानों में खपाने की तैयारी थी. अगर यह बाजार में पहुंच जाता तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता था. कहा कि नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है. त्योहारों और शादी के सीजन को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि लोगों तक सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंच सके.
इसे भी पढ़ें: डेपुटेशन कैंसिल होते ही फुर्र हो गए पलामू के 11 टीचर, सात महीने बाद भी नहीं लौटे ऑरिजनल स्कूल
उपायुक्त के निर्देश पर की गई कार्रवाई
यह कार्रवाई उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई. उन्होंने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें: दुमका के टीन बाजार में पूजा सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
