कार्मेल स्कूल में छात्राओं के शर्ट उतरवाने के मामले की जांच शुरू, प्राचार्या ने कहा- आरोप झूठा

धनबाद के कार्मेल स्कूल में छात्राओं के शर्ट उतरवाने के मामले में जांच शुरू कर दी गयी है. एसडीएम राजेश कुमार ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच रिपोर्ट देने को कहा है.

धनबाद : धनबाद के डिगवाडीह स्थित कार्मेल स्कूल में नौ जनवरी को प्राचार्या देव श्री द्वारा स्कूल परिसर में 80 छात्राओं का शर्ट उतरवाने के मामले की उपायुक्त माधवी मिश्रा के निर्देश पर टीम ने जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में पीड़ित छात्राओं के अभिभावकों ने उपायुक्त माधवी मिश्रा से मिलकर उन्हें घटना की जानकारी दी थी. साथ ही, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद एसडीएम राजेश कुमार व जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार को घटना की तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है.

जांच के बाद होगी कार्रवाई : एसडीएम

उपायुक्त के निर्देश के बाद धनबाद एसडीएम राजेश कुमार व डीएसइ आयुष कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन, पुलिस व शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम शनिवार की दोपहर मामले की जांच करने डिगवाडीह कार्मेल स्कूल पहुंची. एसडीएम व डीएसइ स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला. प्राचार्या से आरोप के बाबत पूछताछ की गयी. करीब तीन घंटे तक टीम ने स्कूल में मामले की जांच-पड़ताल व पूछताछ की. इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि अभिभावकों द्वारा लगाये गये आरोप की जांच की जा रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. टीम में डीइओ निशु कुमारी, सीडीपीओ अलका रानी, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम, बीइइओ लीला उपाध्याय, झरिया के सीआई अभय सिन्हा, जोड़ापोखर थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा, रमेश सिंह सहित भौंरा, सुदामडीह थाना प्रभारी सूरज रजक आदि थे.

आरोप झूठा और निराधार : प्राचार्या

इस संबंध में कार्मेल स्कूल डिगवाडीह की प्राचार्या देव श्री ने छात्राओं द्वारा शर्ट उतरवाने के लगाये गये आरोप को झूठा और निराधार बताया. प्राचार्या ने एसडीएम को बताया कि सारी छात्राएं हमारी बच्ची के सामान है. छात्राओं को अच्छी शिक्षा व अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाता है. उन्होंने कहा कि अनुशासन का मतलब यह नहीं, कि वे बच्चे को सामाजिक दृष्टि से अपमानित करें.

क्या है मामला

छात्राओं का आरोप है कि नौ जनवरी को डिगवाडीह कार्मेल स्कूल में पेन-डे मनाने के क्रम में दसवीं की छात्राओं द्वारा एक-दूसरे के शर्ट पर कलम से शुभकामना संदेश लिखने पर प्राचार्या द्वारा स्कूल परिसर में 80 छात्राओं के शर्ट उतरवा दिये थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >