गोधर में टायर ब्लास्ट होने से खंभे से टकरायी कार, एक की मौत

कार पर सवार दो बच्चे समेत सात लोग जख्मी

केंदुआ.

गोधर एरिया ऑफिस के समीप धनबाद केंदुआ मार्ग पर सोमवार को अपराह्न चार बजे धनबाद की ओर से आ रही कार का टायर ब्लास्ट हो गया. इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क पर बिजली के पुराने पोल से टकरा गयी. कार में सवार तीन महिलाएं, दो पुरुष व दो बच्चे घायल हो गये. कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार सवार बलदेव वर्णवाल (70) को टेंपू से अस्पताल भेजा. अस्पताल ले जाने के दौरान मटकुरिया चेकपोस्ट के समीप उनकी मौत हो गयी. वहीं बलदेव वर्णवाल की पत्नी बसंती देवी (60), पुत्र दीपक वर्णवाल (34), बहु विद्या देवी(32), पुत्री सुषमा देवी (27), पोता आयुष कुमार(7), नाती देव्यांश आंशिक रूप से घायल हो गये. इस बीच सूचना पर घटनास्थल पहुंचे केंदुआडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वकार हुसैन ने बाकी घायलों को अपने वाहन से एसएनएमएमसीएच भेजा. इसके पीछे वह खुद दूसरे वाहन से अस्पताल गये और इलाज का इंतजाम कराया.

एक ही परिवार के सदस्य थे कार में सवार लोग :

कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे. वे देवघर (कटोरिया) से पुटकी के विवेकानंद नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे. इसी बीच गोधर में घटना घटी. मामले में मृतक के छोटे पुत्र बसंत बरनवाल ने बताया कि सभी लोग देवघर में पूजा अर्चना कर कटोरिया में कांवरियों की सेवा के बाद सोमवार को लौट रहे थे. गोधर एरिया ऑफिस के समीप कार का एक टायर ब्लास्ट कर गया. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गयी. कार दिनेश वर्नवाल चला रहे थे. मृतक का शव कागजी प्रक्रिया के बाद एसएनएमएमसीएच के मर्चरी में रखवा दिया गया है. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >