धनबाद कोर्ट रोड में सांड ने पांच लोगों को पटका

तीन सांडों को गोशाला भिजवा कर शांत हो गया नगर निगम, आज भी शहर में सांडों का आतंक

मुख्य संवाददाता, धनबाद.

शहर में सांडों का आतंक कम नहीं हो रहा है. रविवार को धनबाद पोस्ट ऑफिस कोर्ट रोड में एक सांड ने पांच लोगों को उठाकर पटक दिया. हालांकि आसपास के लोगों के हो-हल्ला करने पर सांड वहां से चला गया. जिन लोगोंं पर सांड ने हमला किया, उनमें से कई लोगों को चोटें भी आयी हैं. ज्ञात हो कि गत नौ जून को भी झारुडीह में एक स्कूटी सवार को सांड ने पटक दिया था. पुराना बाजार में भी सांड ने आतंक मचा रखा है. वह कई लोगों को जख्मी कर चुका है. सांड के आतंक से लोग परेशान हैं. वहीं शहर में आवारा पशु खुलेआम घूम रहे हैं.

तीन सांडों को पकड़कर शांत हो गया निगम :

पिछले दिनों तेलीपाड़ा में बाहुबली सांड के हमले से एक वृद्धा की मौत हो गयी थी. इसके बाद मुहल्ले के लोगों के दबाव में नगर निगम रेस हुआ और तेलीपाड़ा व हीरापुर क्षेत्र से बाहुबली समेत तीन सांडों को पकड़कर कतरास गौशाला पहुंचा दिया. निगम का कहना था कि गौशाला में बाड़ा (शेड) बनने के बाद अन्य साड़ों को पकड़ा जायेगा. इसी बीच झारुडीह और फिर पोस्ट ऑफिस के पास घटना हो गयी.

पंचायत में आता है कतरास गोशाला, शेड बनाने में पेंच :

कतरास गौशाला पंचायत क्षेत्र में आता है. प्रावधान है कि शहरी क्षेत्र में ही नगर निगम किसी योजना पर खर्च कर सकता है. ऐसे में कतरास गौशाला में सांडों को रखने के लिए 50 बाड़ा (शेड) बनाने योजना फेल हो गयी. अब नगर निगम बस्ताकोला गौशाला में शेड बनाने की पहल कर रहा है. इधर, निगम के अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई सांड आतंक मचा रहा है, तो नगर निगम उसे पकड़कर अस्थायी रूप से गौशाला में रखने की व्यवस्था करेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >