सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट सब्जी मार्केट में रविवार की आधी रात भीषण आग लग गयी. घटना में एक झोपड़ीनुमा घर समेत लगभग एक दर्जन दुकानें जलकर राख हो गयीं. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने और बचाने का मौका तक नहीं मिला. रात 12 बजे लगी आग में कुछ ही देर में कई दुकानें इसकी चपेट में आ गयीं. अग्निकांड में 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है. रात ढाई बजे तक राहत व बचाव कार्य चलता रहा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक होटल में आग लगी. कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गयीं और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. बाजार बंद होने की वजह से नुकसान की विस्तृत जानकारी नहीं मिल पायी है. अगलगी की घटना में सब्जी, राशन, पूजा, चप्पल, सैलून आदि की दुकानें जलकर राख हो गयीं.
दमकल की तीन गाड़ियां देर रात तक आग बुझाती रहीं
अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी. रात तक दमकल कर्मी आग बुझाने के कार्य में जुटे रहे. दमकल कर्मियों की तत्परता से आग अन्य दुकानों में फैलने से बच गयी.एक झोंपड़ीनुमा घर भी हुआ खाक
आग की चपेट में आने से एक झोपड़ीनुमा घर भी पूरी तरह जल गया. घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. प्रभावित परिवार को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है. झोपड़ीनुमा घर में एक लोहार परिवार रहता था. इस झोपड़ी में ही लोहार की दुकान भी संचालित होती है. घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने दमकल कर्मियों से आग बुझाने की स्थिति की जानकारी ली और पीड़ित दुकानदारों से बातचीत की.आग लगने के कारणों का पता नहीं
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर असामाजिक तत्वों द्वारा एक दुकान में आग लगाने की संभावना जतायी जा रही है. बाद में आग तेजी से अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.इन दुकानदारों की रोजी-रोटी छिनी
रंजीत साव की राशन दुकान, हीरालाल का आलू-प्याज का आढ़त, अरविंद कुमार की राशन दुकान, प्रकाश साव की राशन दुकान. इनके अलावा पूजा, चप्पल, सैलून, लोहार परिवार की झोपड़ी व दुकान जले.पांच साल में अगलगी की चौथी घटना
– 29 मार्च, 2021 : होली के दिन स्टील गेट सब्जी मार्केट में भीषण आग लगी थी. जिसमें लगभग 40 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गयी थीं.– 26 नवंबर, 2022 : स्टीलगेट सब्जी मार्केट के पीछे स्थित दुकानों में आग लगने से लगभग 20 दुकानें जलकर खाक हो गयी थी.
– 21 फरवरी, 2023 : रात लगभग 11.10 बजे आग लगी और कम से कम 10 दुकानें खाक हो गयीं थी.