Dhanbad News: बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र के होरलाडीह में अवैध उत्खनन को लेकर दो गुटों के बीच हुई मारपीट व पिस्टल चमकाने की घटना के बाद भौंरा सीआइएसएफ व बोर्रागढ़ पुलिस ने शुक्रवार को बोरागढ़ क्षेत्र में कोयला चोरी के खिलाफ अभियान चलाया. कोयला तस्करों द्वारा अवैध उत्खनन कर सुरेंद्र कॉलोनी स्थित झाड़ियों में छिपा कर रखे गये करीब 87 टन कोयला जब्त किया गया. जब्त कोयला को कांटा कराने के बाद सुदामडीह एएसपी कोलियरी के कोल डिपो में गिरा दिया गया. उसके बाद सीआइएसएफ, बोर्रागढ़ पुलिस, इजे एरिया के आंतरिक सुरक्षा बल व इजे एरिया के नोडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार की उपस्थिति में कपूरगढ़ा में संचालित अवैध माइंस की मिट्टी से भराई करा दी गयी. छापेमारी का नेतृत्व इजे एरिया भौंरा के सीआइएसएफ इंस्पेक्टर मो इरफान कर रहे थे. इधर, इजे एरिया के नोडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने पहुंच कर मामले की जानकारी ली.
हाइवा से कोयला उतारने को ले दो गुटों में मारपीट:
इधर कतरास मोड़ दुखहरणी मंदिर बर्फकल मार्ग पर शुक्रवार की अलसुबह कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे हाइवा से कोयला उतारने को लेकर कोयला चोरों के दो गुटों में मारपीट हो गयी. इस दौरान दोनों गुटों में हुए पथराव में कई चोरों के चोटिल होने की सूचना है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आये दिन राजापुर परियोजना से रेलवे साइडिंग में ट्रांसपोर्टिंग में लगे हाइवा को रोक कर कोयला चोरों द्वारा कोयला उतरा जाता है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
