एक माह में 55 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर जले

गर्मी का प्रकोप व ओवरलोड के कारण ट्रांसफॉर्मर जलने का सिलसिला जारी, जेबीवीएनएल को 27 लाख का नुकसान

वरीय संवाददाता, धनबाद.

प्रचंड गर्मी और ओवरलोड के कारण डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मरों के जलने का सिलसिला शुरू हो गया है. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) के आंकड़ों के अनुसार पिछले एक माह में धनबाद के विभिन्न इलाकों में लगे 55 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर जल गये हैं. रोज औसतन दो-तीन ट्रांसफॉर्मर जल रहे हैं. टीआरडब्ल्यू में खराब ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत के बाद सभी को संबंधित क्षेत्र में भेज दिया गया. वहीं ट्रांसफॉर्मरों के खराब होने के कारण इससे संबंधित इलाकों में लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है.

एक ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत में औसतन 50 हजार रुपये होते हैं खर्च :

गत एक माह में 55 ट्रांसफॉर्मरों के खराब होने के कारण जेबीवीएनएल को लगभग 27 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. जेबीवीएनएल के अधिकारियों के अनुसार 100 एवं 200 केवीए के एक डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत में औसतन 50 हजार रुपये खर्च आता है. एक खराब ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत में 260 लीटर ऑयल लगता है. इसकी कीमत 125 रुपये प्रति लीटर है. वहीं 38 किलोग्राम डीपीसी व 42 किलोग्राम स्ट्रिप की जरूरत होती है. इसकी कीमत लगभग 240 रुपये प्रति किलोग्राम है. इसके अलावा अन्य छोटे-मोटे सामान में करीब पांच हजार रुपये खर्च आता है.

शहरी क्षेत्र में सर्वाधिक 22 ट्रांसफॉर्मर जले : टीआरडब्ल्यू के आंकड़ों के अनुसार एक माह में सर्वाधिक शहरी क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर लगे 22 ट्रांसफॉर्मर जले हैं. मनईटांड़, बेकारबांध, बाबूडीह, कुसुम विहार, विनोद नगर, वासेपुर, भूली, हाउसिंग कॉलोनी, अजंतापाड़ा, पांडरपाला, जोड़ाफाटक रोड, मटकुरिया, विकास नगर समेत अन्य जगहों पर लगे ट्रांसफॉर्मर एक माह में खराब हुए हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >