देवघर से आशीष कुंदन की रिपोर्ट
देवघर: मालवाहक गाड़ियों के चालकों से कथित अवैध वसूली करते एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, प्रभात खबर वायरल वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है. वीडियो की जानकारी एसपी प्रवीण पुष्कर को भी मिली है. उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद को जांच का निर्देश दिया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा सकती है.
दो-दो सौ रुपये मांगने का आरोप
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी मालवाहक गाड़ियों के चालकों से दो-दो सौ रुपये की मांग करते दिख रहे हैं. इस पर चालकों द्वारा एक-एक सौ रुपये देने की बात कहने पर पुलिसकर्मी फाइन कराने की धमकी देते नजर आ रहे हैं. वीडियो में पुलिसकर्मी चालकों से जल्दी पैसे देने की बात कहते हुए भी दिख रहे हैं. वहीं, एक चालक से पुलिसकर्मी द्वारा 100 रुपये लेते हुए भी वीडियो में दिखाई दे रहा है.
पीसीआर टीम के पुलिसकर्मी का बताया जा रहा वीडियो
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी वर्तमान में पीसीआर पुलिस गाड़ी चलाता है. हालांकि, उसके नाम की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है.
जांच के बाद जानकारी देने की बात
मामले को लेकर सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि एसपी ने जांच के लिए मामला दिया है. स्वतंत्रता दिवस की व्यस्तता के कारण अभी वीडियो नहीं देख पाये हैं. उन्होंने कहा कि वीडियो देखने के बाद मामले की जानकारी दी जायेगी.
