सारठ : भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के निर्देश पर आगामी 16 सितंबर को सारठ प्रखंड सभागार में पीएम विश्वकर्मा ऋण मेला का आयोजन किया जाएगा. इस बाबत एलडीएम आनंद मोहन ने जानकारी देते हुए कहा कि सारठ बीडीओ चंदन कुमार सिंह से मिलकर उन्हें ऋण मेला की सूचना दी गई है.
चयनित लाभार्थियों को दी गई मेले की जानकारी
एलडीएम ने कहा कि प्रखंड के कई लोगों का चयन पीएम विश्वकर्मा योजना के लिए किया गया है. ऑनलाइन आवेदन के आधार पर डीएफएस नई दिल्ली द्वारा लाभार्थियों की सूची उपलब्ध करा दी गई है. सूची में अंकित लाभार्थियों को सूचित कर 16 सितंबर को आयोजित होने वाले ऋण मेले की जानकारी दी गई है. साथ ही ऋण के लिए जरूरी कागजात की जानकारी भी दी जा रही है. बीडीओ ने प्रखंड कर्मियों को कार्यक्रम में सहयोग करने का निर्देश दिया है.
सस्ते ब्याज पर ऋण देकर आत्मनिर्भर बनाने का उद्देश्य
बताया गया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत कर्मकारों को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर एवं अधिक दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करते हुए उन्हें सस्ते ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है. इसका उद्देश्य कर्मकारों का पलायन रोकना और उन्हें अपने क्षेत्र में हुनर निखारते हुए आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना है.
उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री में भी मिलेगा सहयोग
योजना के तहत कर्मकारों द्वारा बनाए गए सामान की ब्रांडिंग एवं क्रय-विक्रय में भी सहयोग किया जाएगा, ताकि उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल सके.
