पांच कट्ठा जमीन का सपना दिखाकर ऐंठे 10 लाख, न जमीन मिली न लौटे पूरे पैसे; 4.55 लाख पर अटका हिसाब

देवघर में जमीन खरीदने का सपना दिखाकर एक परिवार से 10 लाख रुपये ठग लिए गए. आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही पूरे पैसे लौटाए. अब 4.55 लाख रुपये का हिसाब बाकी है.

देवघर : जमीन खरीदने की चाहत दिखाकर रुपये लेने और बाद में जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराने का मामला सामने आया है. इस मामले में 4.55 लाख रुपये बकाया रखने का आरोप लगाते हुए कटिया रोड अवधेश नगर निवासी राजीव नयन प्रसाद सिंह ने कुंडा थाना में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें महेशमारा निवासी उत्तम कुमार उर्फ उत्तम कुमार झा और बिहार के भागलपुर जिले के श्यामपुर कुमैठा निवासी धर्मेन्द्र कुमार झा को नामजद किया गया है.

पांच कट्ठा जमीन दिलाने का दिया भरोसा

प्राथमिकी के अनुसार, 15 सितंबर 2022 को राजीव नयन प्रसाद सिंह के ठाडीदुलमपुर स्थित घर पर परिचित उत्तम, धर्मेन्द्र और श्यामसुंदर झा पहुंचे थे. उत्तम ने धर्मेन्द्र को अपना बहनोई बताते हुए कहा कि भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हुसैनपुर मौजा में पांच कट्ठा जमीन बिक्री के लिए है. जमीन मालिक को तत्काल रुपये की जरूरत होने की बात कहकर जमीन दिलाने का भरोसा दिया गया.

अलग-अलग तारीखों में 10 लाख रुपये देने का आरोप

इसके बाद राजीव नयन प्रसाद सिंह ने अलग-अलग तिथियों में तीनों को कुल 10 लाख रुपये का भुगतान किया. प्राथमिकी में बैंक के माध्यम से भुगतान करने के साथ 60 हजार रुपये नकद देने की बात भी कही गयी है. आरोप है कि रुपये लेने के बाद तीनों ने राजीव की पत्नी सरिता कुमारी के नाम जमीन बिक्री के लिए लिखित एकरारनामा किया. इसके बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी.

दूसरी जमीन दिखाई, उसकी भी नहीं हुई रजिस्ट्री

रजिस्ट्री नहीं होने के बाद ठाडीदुलमपुर में एक दूसरी जमीन दिखायी गयी. राजीव उस जमीन को लेने के लिए भी तैयार हो गये, लेकिन उसकी भी रजिस्ट्री नहीं करायी जा सकी. इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने पर रुपये वापस करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई.

जून 2025 तक रकम लौटाने का दिया था भरोसा

आरोप के अनुसार, आरोपितों ने जून 2025 तक पूरी रकम वापस करने का भरोसा दिया था. इसके बाद श्यामसुंदर ने पांच लाख रुपये वापस कर दिये, जबकि धर्मेन्द्र कुमार झा ने 45 हजार रुपये लौटाये. शेष 4.55 लाख रुपये अब तक वापस नहीं किये गये हैं.

फोन नहीं उठाने और नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने का आरोप

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि अब दोनों फोन भी नहीं उठा रहे हैं. रकम वापस नहीं मिलने पर राजीव ने कानूनी नोटिस भी भेजा, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया. राजीव ने उत्तम और धर्मेन्द्र पर षड्यंत्र कर रुपये लेने तथा शेष राशि वापस नहीं करने का आरोप लगाया है. कुंडा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >