सावधान! देवघर में बदला साइबर अपराधियों का तरीका : क्रेडिट कार्ड, एटीएम से लग रहे लाखों की चपत

देवघर में साइबर ठगी और जमीन व कारोबार के नाम पर धोखाधड़ी के चार मामले सामने आए हैं, जिनमें लाखों रुपये की ठगी हुई है. इन घटनाओं में क्रेडिट कार्ड अपडेट, एटीएम में मदद, जमीन बिक्री और डिटर्जेंट कारोबार का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाया गया है.

साइबर ठगी से लेकर जमीन और कारोबार के नाम पर फर्जीवाड़ा, निशाने पर आम लोग

देवघर : जिले में ठगी के अलग-अलग तरीकों के चार मामले सामने आये हैं. क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के नाम पर 65 हजार रुपये की खरीदारी कर ली गयी, जबकि एटीएम में कार्ड फंसने के बाद मदद का झांसा देकर करीब 20 हजार रुपये निकाल लिये गये. जमीन बिक्री के नाम पर 64.25 लाख रुपये लेने और डिटर्जेंट कारोबार कराने के नाम पर 1.45 लाख रुपये ठगने का आरोप भी लगा है. दोनों साइबर मामलों में पीड़ितों ने साइबर थाना, जबकि जमीन मामले में नगर थाना में शिकायत दी है. डिटर्जेंट मामले में न्यायालय के परिवाद पर कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है.

क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के नाम पर 65 हजार की ठगी

रिखिया थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी रामपुर निवासी एक व्यक्ति को अज्ञात मोबाइल धारक ने क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के नाम पर कॉल किया और पिन सहित अन्य जानकारी हासिल कर ली. इसके बाद कार्ड से 65 हजार रुपये की खरीदारी कर ली गयी. मैसेज आने पर पीड़ित को इसकी जानकारी हुई. उन्होंने साइबर क्राइम के टॉल-फ्री नंबर पर शिकायत ऑनलाइन दर्ज करायी. घटना बुधवार रात की है. पीड़ित के कार्ड से पहले पीएनबी मुंबई की किसी शाखा के एकाउंट में रुपये ट्रांसफर किये गये, फिर खरीदारी की गयी. गुरुवार दोपहर बाद पीड़ित ने साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की.

एटीएम में कार्ड फंसा, हेल्पलाइन पर कॉल के बाद 20 हजार निकले

कुंडा मोड़ स्थित एसबीआइ एटीएम में एक व्यक्ति का कार्ड फंस गया. काउंटर के अंदर कागज पर चिपके हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने पर मोबाइल धारक ने मशीन में कुछ प्रोसेस कराया और आगे वाले एटीएम के पास मौजूद टेक्नीशियन से कार्ड निकलवाने को कहा. पीड़ित वहां जाने के लिए निकले ही थे कि एकाउंट से करीब 20 हजार रुपये निकासी का मैसेज आया. लौटने पर एटीएम काउंटर खाली मिला और कार्ड भी गायब था. पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.

जमीन के नाम पर 64.25 लाख लिये, न जमीन मिली न राशि

मंदिर के पूरब दरवाजा के समीप निवासी एक व्यक्ति से जमीन बिक्री के नाम पर 64.25 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है. पीड़ित के अनुसार, जमीन दिखाकर राशि लेने के बाद अब न तो जमीन दी जा रही है और न पैसे लौटाये जा रहे हैं. राशि मांगने पर टालमटोल किया जा रहा है. पीड़ित ने नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

डिटर्जेंट कारोबार का झांसा देकर 1.45 लाख की ठगी, प्राथमिकी

कुंडा थाना क्षेत्र के असनपुर गांव निवासी श्यामाकांत दुबे से डिटर्जेंट कारोबार कराने के नाम पर 1.45 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है. न्यायालय में दायर परिवाद के आधार पर कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले में जसीडीह थाना क्षेत्र के बाघमारा निवासी अभिषेक दुबे, रिखिया थाना क्षेत्र के खिजुरिया निवासी नीरज झा तथा बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मझलिया रोड रसूलपुर जिलानी स्थित मेसर्स न्यू रॉयल स्टील के मो आसिफ को आरोपी बनाया गया है.

परिवाद के अनुसार, श्यामाकांत की मुलाकात अभिषेक से हुई थी. उसने पारस कंपनी में पैसा लगाकर लाभ कमाने की बात कही और बाद में नीरज से मिलवाया. नीरज के कहने पर 24 मार्च 2026 को श्यामाकांत ने न्यू रॉयल स्टील डिपो के नाम 75 हजार रुपये एनइएफटी किये. दो-तीन दिनों में डिटर्जेंट देने का भरोसा दिया गया, लेकिन माल नहीं मिला. बाद में नीरज ने 70 हजार रुपये का चेक देकर आपूर्ति का आश्वासन दिया और सात अप्रैल को पीड़ित के घर से चेक ले गया. चेक पर तारीख अंकित नहीं करायी गयी.

काफी समय बाद नीरज ने कंपनी को फर्जी बताते हुए राशि लौटाने में असमर्थता जतायी. पीड़ित ने नीरज और अभिषेक पर साजिश के तहत ठगी का आरोप लगाया है. राशि न्यू रॉयल स्टील के नाम भेजी गयी थी, जिसके संचालक के रूप में मो आसिफ का नाम बताया गया है. कुंडा थाना में कई आवेदन देने के बाद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय में परिवाद दायर किया. उसी आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशीष कुंदन

आशीष कुंदन 26 वर्षों से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर, देवघर में वरीय संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. इसके पूर्व हिंदुस्तान, आज सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्ष 2012 से वे प्रभात खबर, देवघर में क्राइम बीट की खबरों को तथ्यपरक व प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. पत्रकारिता करते हुए उन्होंने वर्ष 2015 में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री ली. साइबर अपराध और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं पर लिखी गयी उनकी एक्सक्लूसिव सीरीज स्टोरी ने न सिर्फ व्यापक चर्चा बटोरी, बल्कि संबंधित मामलों में कार्रवाई भी हुई. सधी हुई लेखन शैली, जमीनी रिपोर्टिंग और विश्वसनीय खबरों के लिए वे पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >