देवघर से संजीत मंडल की रिपोर्ट देवघर : चावाडीह पंचायत के लेड़वा सिंधो टोला भाया बंगरिया में मुख्यमंत्री सड़क और दो गार्डवाल निर्माण में अनियमितता की शिकायत पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जांच का निर्देश दिया है. जनता दरबार में मामला सामने आने पर डीसी ने उप विकास आयुक्त की निगरानी में जांच कर प्रगति प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को सौंपने को कहा.
कई मामलों का ऑन द स्पॉट निराकरण
जनता दरबार में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, आवास व राजस्व से जुड़ी समस्याएं रखीं. राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मंईयां सम्मान योजना, पेंशन व राजस्व से जुड़े कई मामलों का संबंधित विभागों ने ऑन द स्पॉट निराकरण किया. अनुकंपा से जुड़े मामलों को ससमय निष्पादित करने का निर्देश भी दिया गया.
24 घंटे में नल कनेक्शन का निर्देश
मोहनपुर के सरसती पंचायत अंतर्गत लकड़ीगंज निवासी के आवेदन पर ‘हर घर नल योजना’ के तहत 24 घंटे में कनेक्शन कराने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया गया. उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की भौतिक जांच कर त्वरित कार्रवाई करने तथा एक सप्ताह के अंदर प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया.
