देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के बाघमारी-कटिया रोड में निर्माणाधीन मकान में घुसकर मजदूरों व मकान मालिक के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. घटना 12 सितंबर की शाम करीब पांच बजे की बतायी गयी है. मामले को लेकर बाघमारी-कटिया रोड में रहने वाले गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के मुरखारी गांव निवासी प्रफुल्ल सिंह ने कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में कटिया रोड निवासी बिहार के लखीसराय जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी बृजनन्दन शर्मा उर्फ ढीलन सिंह, गोपाल सिंह, रामचंद्रपुर गांव निवासी चुलबुल सिंह, बलगुरदर गांव निवासी शैलेश सिंह, हलसी थाना क्षेत्र के सकसेना गांव निवासी कुंदन शर्मा समेत अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है.
15-20 लोगों के साथ पहुंचने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपित 15-20 अज्ञात लोगों के साथ निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे थे. सभी के हाथ में हरवे-हथियार, रड व डंडा होने का आरोप लगाया गया है. वहां काम कर रहे मजदूरों और मिस्त्री के साथ मारपीट शुरू कर दी गयी. मारपीट में एक मजदूर-मिस्त्री के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गयी है. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पिस्टल सटाकर धमकी देने का आरोप
आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए मकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी. प्राथमिकी में ढीलन सिंह के हाथ में पिस्टल होने और उससे मारपीट करने तथा पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है. इसी दौरान ढीलन पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप है. रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने की बात प्राथमिकी में कही गयी है.
खुद को माधव सिंह का आदमी बताने का आरोप
प्रफुल्ल सिंह ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि आरोपितों ने खुद को माधव सिंह का आदमी बताते हुए कहा कि यहां से मार-मारकर भगा देंगे. प्रफुल्ल के विरोध करने पर उनके साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. भय के कारण लोग जान बचाकर भागने लगे.
जेब से 10 हजार और मोबाइल छीनने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, इसी दौरान ढीलन व उसके साथियों ने प्रफुल्ल की जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिये. वहीं, निर्माण स्थल पर काम कर रहे राजमिस्त्री का मोबाइल भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है.
तोड़फोड़ से छह लाख तक नुकसान का दावा
मकान में तोड़फोड़ से करीब छह लाख रुपये के नुकसान का आरोप लगाया गया है. आरोपितों पर घर के आसपास की चहारदीवारी, पानी की टंकी, गेट, पाइप और मकान की दीवार तोड़ने का आरोप है. इससे करीब पांच से छह लाख रुपये का नुकसान होने की बात प्राथमिकी में कही गयी है.
पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने का आरोप
प्रफुल्ल ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि ढीलन व उसके साथियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं. मामला दर्ज कर कुंडा थाना पुलिस जांच में जुटी है.
