देवघर : जिला नियोजनालय की ओर से एएस कॉलेज के आर्ट्स ब्लॉक में एक दिवसीय भर्ती कैंप का आयोजन किया गया. इसमें 85 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया. निजी क्षेत्र की दो कंपनियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार व चयन प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद 65 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया तथा अंतिम रूप से चयनित 45 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर दिया गया.
दो कंपनियों ने लिया हिस्सा
भर्ती कैंप में क्लाइंटेला सोल्यूशन प्रालि, जसीडीह और टेकरीवाल मोटर्स, देवघर ने हिस्सा लिया. कंपनियों की ओर से कस्टमर सपोर्ट एग्जिक्यूटिव, एफक्यूसी, आरएम समेत विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन किया गया.
ऑफर लेटर मिलने से युवाओं में उत्साह
कैंप में ऑनस्पॉट ऑफर मिलने से युवाओं में उत्साह देखा गया. अधिकारियों ने बताया कि जिले के स्थानीय युवाओं को घर के नजदीक रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के भर्ती कैंप आयोजित किये जायेंगे.
नियमित नियोजन कैंप पर जोर
प्राचार्य डॉ टीपी सिंह ने आने वाले महीनों में भी कॉलेज में नियमित नियोजन कैंप आयोजित कराने पर जोर दिया. मौके पर कॉलेज के प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ जानकी नंदन सिंह, कार्यालय प्रभारी धीरेन्द्र राय, जिला नियोजनालय प्रभारी चंदन कुमार आदि मौजूद थे.
