: परिजनों ने थाना में दिया आवेदन, अपहरण की आशंका कान्हाचट्टी. प्रखंड के गड़िया गांव निवासी 18 वर्षीय प्रमोद कुमार (पिता देवलाल यादव) शुक्रवार देर शाम से लापता है. युवक के अचानक गायब होने से परिजन काफी परेशान हैं. उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बता रहा है. इस संबंध में परिजनों ने राजपुर थाना में आवेदन देकर अपहरण की आशंका जतायी है. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे प्रमोद घर पर खाना खा रहा था. इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया. फोन पर बात करने के बाद वह घरवालों को बिना कुछ बताये बाइक लेकर निकल गया. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला. रातभर परिजन उसकी तलाश करते रहे. शनिवार सुबह ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की गयी. इस दौरान प्रमोद की बाइक गड़िया नदी के पुल पर खड़ी मिली. बाइक मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गयी है. थाना प्रभारी रूपेश कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
घर से निकला युवक लापता, पुल पर मिली बाइक
परिजनों ने थाना में दिया आवेदन, अपहरण की आशंका
