पत्थलगड्डा. प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ की गयी. इस अवसर पर पूरा प्रखंड भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया. प्रखंड के बेलहर, नावाडीह, पत्थलगड़ा, तेतरिया व नोनगांव समेत विभिन्न स्थानों पर राणा विश्वकर्मा समाज की ओर से भगवान विश्वकर्मा की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी. वहीं लोगों ने अपने-अपने घरों में वाहनों की भी पूजा की.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई पूजा
पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गयी. श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से क्षेत्र की समृद्धि, सुख-शांति व उन्नति की कामना की. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. संध्या आरती में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
लोगों के सहयोग से हुआ भव्य आयोजन
विश्वकर्मा पूजा समिति बेलहर के तिलेश्वर राणा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लोगों के सहयोग से भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर भव्य पूजा का आयोजन किया गया है. पूजा-अर्चना के बाद संध्या आरती में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं.
विश्वकर्मा मंदिर में भी हुई पूजा-अर्चना
नावाडीह मोरशेरव पहाड़ी मंदिर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गयी. समिति के अध्यक्ष तारकेश्वर राणा ने बताया कि बढ़ई समाज की ओर से पूजा-अर्चना की गयी. इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
पूजा संपन्न कराने में आदित्य राणा, प्रकाश राणा, महादेव राणा, खुशीहाल राणा, संजय राणा, लालदेव राणा, मनोज राणा, अजय राणा, गोर्वधन राणा समेत अन्य लोग शामिल थे.
