दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

प्रमोद हत्याकांड का खुलासा

:::: प्रमोद हत्याकांड का खुलासा : अवैध हथियार के कारोबार में दोस्त बना कातिल, हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद चतरा. राजपुर पुलिस ने चर्चित प्रमोद हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में पथेल गांव के बघमरी टोला निवासी माइंड मास्टर सुनील कुमार (पिता बैजनाथ सिंह) एवं सुनील कुमार (पिता विकास सिंह भोगता) शामिल हैं. पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा है. पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक गमछा, रस्सी का टुकड़ा, सात गोली व चार मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद किया है. इनमें एक मोबाइल फोन मृतक का है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन ने गुरुवार को अनुमंडल कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गड़िया गांव निवासी देवलाल यादव ने अपने पुत्र प्रमोद के अपहरण से संबंधित आवेदन राजपुर थाना में दिया था. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी. नदी के बालू में गड़ा था शव : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापामारी टीम ने सात जून को गड़िया पुल से करीब 200 मीटर उत्तर नदी में बालू के अंदर गड़ा हुआ प्रमोद का शव बरामद किया. शव मिलने के बाद हत्या के कारणों एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही थी.जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि प्रमोद की हत्या उसके ही दोस्त सुनील कुमार (पिता बैजनाथ सिंह) ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर की थी. पुलिस के अनुसार, अवैध हथियार की खरीद-बिक्री को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद प्रमोद की हत्या कर दी गयी. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नदी के बालू में गाड़ दिया गया था. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह हजारीबाग भेजा गया है. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी अभियान चला रही है. छापामारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावा पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, राजपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार, एसआई अमित कुमार गुप्ता, संदीप प्रसाद वर्मा, तकनीकी शाखा के कर्मी एवं कई पुलिस जवान शामिल थे. मालूम हो कि पांच जून की देर शाम खाना खाने के दौरान फोन आने पर प्रमोद घर में किसी को कुछ बताये बिना चला गया. रात में घर नहीं पहुंचने पर उसकी खोजबीन की जा रही थी. इस दौरान दो दिनों बाद गड़िया नदी में शव मिला था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >