: तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया सिमरिया. थाना क्षेत्र के डाड़ी गांव में शुक्रवार रात आंधी-तूफान के दौरान एक मचान में आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मचान में रखा पुआल तथा इमारती लकड़ी जलकर राख हो गयी. आग की चपेट में आने से घर को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है. इस घटना में भुक्तभोगी वीरेंद्र प्रसाद वर्मा को लगभग चार लाख रुपये की क्षति हुई है. बताया गया कि मचान से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिजनों ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी. इसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पानी पंप मशीन की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं रहे. घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अग्निशमन कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. भुक्तभोगी वीरेंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि मचान में रखा सारा पुआल जल जाने से मवेशियों के लिए चारे की समस्या उत्पन्न हो गयी है. उन्होंने आपदा राहत मद से मुआवजा देने की मांग की है.
मचान में लगी आग, पुआल के साथ इमारती लकड़ी जलकर राख
तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
