चतरा. नागरिक कल्याण कार्यक्रम एलडब्लू 2026-27 के तहत सशस्त्र सीमा बल की 35वीं बटालियन की ओर से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया. प्रतियोगिता बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट एनेंद्र मणि सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित की जा रही है. इसमें चतरा व आसपास के क्षेत्रों की कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं.
उद्घाटन मुकाबले में दिखा खेल कौशल
उद्घाटन मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतर खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया. मैदान में मौजूद खेल प्रेमियों और युवाओं ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
कार्यवाहक कमांडेंट एनेंद्र मणि सिंह ने युवाओं से खेल और शारीरिक फिटनेस को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती भी बढ़ती है.
युवाओं की प्रतिभा को मंच देना उद्देश्य
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना है. उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेलकूद से जुड़े रहने की अपील की.
एसएसबी के अधिकारी व जवान रहे मौजूद
मौके पर एसएसबी के वरिष्ठ व अधीनस्थ अधिकारी, बल के जवान, स्थानीय युवा, बच्चे व बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद थे.
