चतरा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है. इस मौके पर 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू होगा. इस अभियान का मकसद लोगों को प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में किए गए कामों और उनकी सफलताओं के बारे में बताना है. चतरा से सांसद कालीचरण सिंह ने सोमवार को तपेज स्थित पार्टी कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी.
सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा
सांसद ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी 25 वर्षों से बिना रुके और बिना थके लगातार देश की सेवा कर रहे हैं. उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जायेगा. इसके तहत कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
भाजपा कार्यकर्ता 14 संकल्पों को लेकर हर घर पहुंचेंगे. इन 14 संकल्पों में देश को विकसित बनाने, नागरिकों के कल्याण और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की प्रगति को लेकर किए गए प्रमुख कार्यों और योजनाओं की जानकारी देना शामिल है. इस दौरान विकसित भारत के लिए प्रधानमंत्री द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देने के साथ लोगों को जागरूक किया जायेगा.
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
सांसद ने बताया कि अभियान के दौरान '25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत' (बच्चों के विकास से जुड़े कार्यक्रम), 'जननी सेवा गाथा' (महिलाओं और माताओं के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी), 'आंगन का उत्सव' (बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े आंगनवाड़ी केंद्रों के कार्यक्रम), 'कहानी बदलाव की' (समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली योजनाओं पर आधारित), विकसित संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, जन सेवक महाकुंभ, पंचायत से पार्लियामेंट और बाइक यात्रा समेत कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
मौके पर जिला महामंत्री मृत्युंजय सिंह, कपिल पासवान, सांसद प्रतिनिधि विनय सिंह समेत कई लोग मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: सोलह श्रृंगार से सजी सुहागिन महिलाएं, शिव-पार्वती की पूजा कर मांगा अखंड सुहाग
विकास परियोजनाओं पर सांसद का दावा
सांसद कालीचरण सिंह ने बताया कि चतरा में एक वर्ष के अंदर रेल लाइन निर्माण का काम शुरू हो जायेगा. चतरा में रेलवे लाइन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंभीर हैं. उन्होंने पीएमओ कार्यालय को जल्द काम शुरू करने को कहा है.
सांसद ने बताया कि कौलेश्वरी में रोपवे का काम भी जल्द शुरू करने का आश्वासन झारखंड के मुख्यमंत्री ने दिया है. उन्होंने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा जमीन उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है. उन्होंने कहा कि डीएमएफटी के तहत जिले में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: चतरा में दो हाइवा की आमने-सामने टक्कर, दोनों चालक गंभीर रूप से घायल; हजारीबाग रेफर
