: भेलवारा व मरंगा में चोरी से दहशत पत्थलगड्डा. थाना क्षेत्र की नावाडीह पंचायत अंतर्गत भेलवारा और मरंगा गांव में रविवार रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया. चोरों ने दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया, जबकि दो अन्य घरों में चोरी का प्रयास किया. बताया गया कि भेलवारा गांव निवासी विनय दांगी के घर में घुसकर चोरों ने दो लाख रुपये नकद, करीब एक किलो चांदी तथा 80 ग्राम सोने के आभूषण की चोरी कर ली. वहीं मरंगा गांव में वकील दांगी की किराना दुकान का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री पर हाथ साफ कर दिया. विनय दांगी ने बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गये थे. सुबह उनके पुत्र ने मोबाइल चार्जर खोजने के दौरान देखा कि घर से तीन बक्से गायब हैं. बक्सों में नकद राशि, जेवरात और कपड़े रखे हुए थे. इधर, वकील दांगी ने बताया कि सोमवार सुबह दुकान का ताला टूटा मिला. दुकान के अंदर जाने पर खाद्य सामग्री गायब पायी गयी. वहीं मरंगा गांव के एक अन्य घर में चोरी का प्रयास कर रहे चोरों को एक युवक ने देख लिया और एक चोर को पकड़ भी लिया था. हालांकि उसके साथ मौजूद चार अन्य चोरों ने युवक को जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद उसे छोड़ना पड़ा. इस मामले में विनय दांगी और वकील दांगी ने थाना में आवेदन दिया है. थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है.
दो लाख नकद,जेवर समेत लाखों की संपत्ति की चोरी
भेलवारा व मरंगा में चोरी से दहशत
