चतरा: कुंदा पुलिस ने छापामारी अभियान चला कर तेगम गांव के जलेश कुमार के घर से एक करोड़ के मादक पदार्थ जब्त किया है. साथ ही तस्कर जलेश कुमार (पिता फुलेश्वर महतो) को गिरफ्तार किया है. वहीं उसके भाई भागने में सफल रहा. घर से 7.540 किलोग्राम अफीम, 293.900 किलोग्राम अफीम डोडा के अलावा एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजु व एक मोबाईल जब्त किया गया.
यह जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर दी. उन्होंने कहा कि सूचना मिली थी कि तेगम गांव में जलेश कुमार व्यापार करने के उद्देश्य से अपने घर में अफीम व डोडा रखा है. सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर में छापामारी किया. इस दौरान अफीम व डोडा जब्त किया.
जलेश को पकड़ लिया गया, वहीं उसके भाई भागने में सफल रहा. इस संबंध में कुंदा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया. इसमें शामिल अन्य तस्करो की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. जब्त मोबाईल के माध्यम से कई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुआ है, जिसे लेकर फॉरवर्ड व बैगवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है.
आगे एसपी ने कहा कि मादक पदार्थ के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करो की संपत्ति जब्त की कार्रवाई की जा रही है. पूर्व में कई तस्करो की संपत्ति जब्त हो चुकी है. छापामारी टीम में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, एएसआई अशोक कुमार मंडल व कई जवान शामिल थे.
बिहार में खपाने की थी योजनाजब्त अफीम व डोडा को बिहार में खपाने की योजना थी. सबसे पहले स्थानीय तस्करो को उक्त मादक पदार्थ देना था, इसके बाद उसे बिहार में मादक पदार्थो को खपाना था. गिरफ्तार तस्कर ने पुलिस को बताया कि पलामू के पांकी क्षेत्र के जंगल में पोस्ता की खेती किया था. जिससे अफीम निकाल कर बेचने के लिए घर में रखा था.
