पुलिस ने गुप्त सूचना पर डुमरिया उत्क्रमित मवि परिसर में मारा छापा चतरा. हंटरगंज पुलिस ने ज्वेलर्स दुकान में लूटपाट की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गिराेह के तीन सदस्यों के साथ चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में हंटरगंज थाना क्षेत्र के बड़का पिंडरा गांव निवासी चिंटू कुमार उर्फ गोरा पासवान, बिहार के गयाजी जिला कोठी थाना क्षेत्र के बारा कलां निवासी गौतम कुमार उर्फ गौतम पासवान, बाराचट्टी थाना क्षेत्र के जयगीर निवासी प्रवीण कुमार व फतेहपुर थाना क्षेत्र के विकास मांझी उर्फ विकास शामिल हैं. अपराधियों के पास से दो पिस्टल, एक कट्टा, चार गोली, दो बाइक व दो मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त किया है. यह जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने शनिवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस काॅन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने कहा कि सूचना मिली थी कि बिहार के गयाजी जिला के कुछ अपराधी डुमरिया स्कूल में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुमरिया उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर से चार अपराधियों को हथियार के साथ पकड़ा. इस संबंध में बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार सभी अपराधियों को जेल भेज दिया गया. इस गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. छापामारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावा हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई नितेश कुमार प्रसाद, वीर बहादुर सिंह व कई जवान शामिल थे. गिरफ्तार चारों का है आपराधिक इतिहास : गिरफ्तार चारों अपराधियों का आपराधिक इतिहास है. गौतम के खिलाफ नौ, चिंटू कुमार के खिलाफ आठ, प्रवीण के खिलाफ एक व विकास मांझी के खिलाफ चार मामला बिहार के विभिन्न थाना व हंटरगंज थाना में मामला दर्ज है. सभी के खिलाफ लूटपाट, आर्म्स एक्ट, चोरी, डकैती समेत अन्य का मामला दर्ज है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की तलाश बिहार पुलिस भी कर रही थी. अपराधी सीमावर्ती क्षेत्र का लाभ उठा कर लूटपाट, डकैती, छिनतई समेत अन्य घटना को अंजाम देते थे.
अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य समेत चार अपराधी गिरफ्तार
पुलिस ने गुप्त सूचना पर डुमरिया उत्क्रमित मवि परिसर में मारा छापा
