पत्थलगड्डा. प्रखंड के नावाडीह बाजोबार में हाथियों का उत्पात रविवार रात नौवें दिन भी जारी रहा. खेतों में लगी फसलों को हाथियों ने रौंद कर बर्बाद कर दिया. बाद में ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े व पटाखों की मदद से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा. हाथियों को भगाने के लिए वन विभाग द्वारा कोई पहल नहीं करने पर ग्रामीणों में आक्रोश है. हाथियों का झुंड रघुवीर दांगी के खेत में लगी केले की फसल खा गये. साथ ही मनरेगा से लगायी गयी बागवानी को रौंद कर बर्बाद कर दिया. इसके अलावा धनराज दांगी, प्रयाग दांगी व भेरव दांगी के खेतों में लगी टमाटर, गेहूं व प्याज की फसल को नष्ट कर दिया. हाथियों के भय से ग्रामीण रतजगा कर रहे हैं. उन्होंने वन विभाग से हाथियों को अविलंब भगाने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
