गिद्धौर. प्रखंड के बारीयातु पंचायत के गांगपुर गांव निवासी वृद्ध शांति देवी जर्जर व क्षतिग्रस्त मकान में रहने को विवश हैं. मकान की हालत इतनी खराब है कि कभी भी धराशायी हो सकता है.
ऐसे में महिला जान जोखिम में डालकर अपना जीवन गुजार रही हैं. शांति देवी ने बताया कि आवास के लिए कई बार प्रखंड से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों से गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल पाया है.
उनका मकान चारों ओर से लकड़ी, घास व पुआल से बना है, जबकि बारिश से बचाव के लिए ऊपर प्लास्टिक डाला गया है. महिला का एकमात्र सहारा वृद्धावस्था पेंशन है. इसी राशि से वह किसी तरह अपना जीवन-यापन कर रही हैं.
जर्जर मकान में रहने के कारण उन्हें हमेशा हादसे का डर बना रहता है. शांति देवी ने उपायुक्त से आवास उपलब्ध कराने अथवा आवश्यक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई है.
