हंटरगंज. प्रखंड के राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय पांडेयपुरा में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा का अनावरण किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक जयंत कुमार ने की. जबकि संचालन पवन कुमार माथुर ने किया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक नरेश प्रसाद सिंह उपस्थित हुए. उन्होंने विद्यालय में 23 वर्षों तक अपनी सेवा दी है. विद्यालय के विकास में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें शॉल व बुके देकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों व शिक्षकों का मन मोह लिया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन दर्शन, उच्च आदर्शों व शिक्षा के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए. उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से उनके बताये मार्ग पर चलने का आह्वान किया. कहा कि उनका जीवन विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है. विद्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित होना उनके विचारों व आदर्शो को हमेशा जीवंत रखने का माध्यम बनेगा.
वहीं प्रधानाध्यापक ने कहा कि डॉ राधाकृष्णन शिक्षा को केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण व राष्ट्र निर्माण का आधार माना. आज के विद्यार्थियों को उनके आदर्शो से सीख लेकर अनुशासन, मेहनत व ईमानदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए. इसके अलावा अन्य ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया.
मौके पर सेवानिवृत्त बीईइओ रामप्रसाद यादव, बसंत नारायण सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक विश्वनाथ प्रसाद, कपिल देव प्रसाद, युगल किशोर गुप्ता, उपेंद्र यादव, पंसस लखन दास, सीआरपी रविंद्र प्रसाद, लीला यादव, विजय तिवारी, मिथिलेश सिंह, इंद्रदेव मिश्रा, त्रिदेव कुमार, मुकेश कुमार, भातेन्द्र शर्मा, सरिता कुमारी, प्रवीण कुमार, उषा मेहता, निरंजन कुमार महतो समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं व अन्य उपस्थित थे.
