चतरा के टंडवा में फंदे से लटका मिला युवती का शव, डेढ़ महीने से रह रही थी प्रेमी के घर

Chatra Crime News: चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय सबिता कुमारी का शव प्रेमी के घर में फांसी के फंदे से लटका मिला. युवती करीब डेढ़ महीने से वहीं रह रही थी. मृतका के परिजनों ने प्रेमी और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

टंडवा से वरुण सिंह की रिपोर्ट

Chatra Crime News: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में एक युवती का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. 19 वर्षीय युवती पिछले करीब डेढ़ महीने से अपने प्रेमी के घर रह रही थी. बुधवार देर रात उसका शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा

घटना की सूचना मिलने पर टंडवा पुलिस डहू पंचायत के डहुटांड़ गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग पूरे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं.

मृतका के परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

इस मामले में युवती की भाभी ने टंडवा थाना में आवेदन देकर हत्या का आरोप लगाया है. आवेदन में प्रेमी अजय गिद, उसके पिता कुलेश्वर उरांव, मां रुबिया देवी और बहन मुनिया उरांव समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली है.

एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

मिली जानकारी के अनुसार डहु पंचायत के डहुटांड़ निवासी अजय गिद और सिदपा छापर टोला निवासी सबिता कुमारी के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध चल रहा था. एक साल पहले दोनों को ग्रामीणों ने एक साथ पकड़ लिया था. उस समय दोनों परिवारों की सहमति से शादी कराने की बात भी पंचायत में तय हुई थी. पंचायत ने भी इस संबंध पर सहमति जता दी थी. हालांकि किसी कारणवश दोनों की शादी लगातार टलती रही.

इसे भी पढ़ें: एक्शन में जगन्नाथपुर के एसडीओ और सीओ, बालू लदा चार टैक्टर जब्त

डेढ़ महीने से प्रेमी के घर रह रही थी युवती

बताया जा रहा है कि सरस्वती पूजा के समय प्रेमी अजय गिद काम करने के बहाने बाहर चला गया था. शादी नहीं होने और प्रेमी के अचानक बाहर चले जाने से लड़की के परिजन नाराज हो गए. इसके बाद सरस्वती पूजा के दौरान ही परिजन सबिता को उसके प्रेमी के घर छोड़ आए थे. तब से वह करीब डेढ़ महीने से वहीं रह रही थी. इसी बीच बुधवार देर रात अचानक घर के अंदर उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: चतरा में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, सड़क जाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >