चतरा से मो० तसलीम की रिपोर्ट चतरा जिले के सदर प्रखंड के पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय मोकतमा में शौचालय निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है. लोगों के अनुसार निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है. निर्माण में निर्धारित मानक के विपरीत सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत की गयी है.
बताया गया कि शौचालय का निर्माण भवन प्रमंडल विभाग की ओर से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है. निर्माण कार्य में प्राक्कलन के अनुसार 8 एमएम सरिया का इस्तेमाल किया जाना है, लेकिन आरोप है कि इसके स्थान पर 6 एमएम सरिया लगाया जा रहा है. साथ घटिया ईंट का उपयोग किया जा रहा है. निर्माण कार्य में अनियमितता की जानकारी मिलने के बाद विभाग के सहायक अभियंता समेत अन्य अभियंताओं ने संवेदक को कार्य में सुधार करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद निर्देश के बाद महज खानापूर्ति की गयी और दोबारा पूर्व की तरह घटिया तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में तनिष्क ज्वेलरी शॉप में सावन महोत्सव का आयोजन, गीत-संगीत और नृत्य से सजा कार्यक्रम
दोषी संवेदक पर कार्रवाई करने की मांग
लोगों का कहना है कि सरकारी राशि से बनने वाले भवन में यदि निर्माण के दौरान ही मानकों की अनदेखी की गयी, तो भविष्य में इसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है. लोगों ने उपायुक्त रवि आनंद से मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितता की जांच कराने, दोषी संवेदक पर कार्रवाई करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है.
अवैध बालू का हो रहा है उपयोग
सरकारी कार्य में अवैध बालू का उपयोग किया जा रहा है. नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की मनाही के बाद भी स्थानीय नदी से बालू का उठाव हो रहा है, जिसका उपयाेग शौचालय निर्माण में किया जा रहा है.
