चक्रधरपुर. चक्रधरपुर क्षेत्र में एक युवक के लापता होने के दो दिन बाद नदी में शव मिलने से सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान पुरानीबस्ती स्थित पातु कॉलोनी निवासी बबलू लोहार (35) के रूप में हुई है. इसके बाद परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है.
हैदराबाद जाने के लिए निकला था बबलू
परिजनों के अनुसार, बबलू लोहार रोजगार के लिए हैदराबाद जा रहा था. गुरुवार को वह ट्रेन से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान आरोप है कि बुलो पूर्ति और उसके कुछ साथियों ने उसे ट्रेन से उतार कर उसके साथ मारपीट की. मारपीट के बाद बबलू किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. जिसके बाद शुक्रवार को बुलो पूर्ति अपने कुछ साथियों के साथ बबलू के घर पहुंचा और किसी बहाने से उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गये. इसके बाद बबलू घर वापस नहीं लौटा.
दो दिन बाद लौड़िया नदी में बरामद हुआ शव
बबलू के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की. जहां दो दिन बाद लौड़िया नदी में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. शव की स्थिति खराब होने से उसकी पहचान नहीं हो सकी. बाद में परिजनों ने शव की पहचान बबलू लोहार के रूप में की. पहचान होते ही परिवार में मातम पसर गया.बबलू की मां कोला लोहार ने कहा कि बबलू उनका इकलौता बेटा था. उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
आरोपों की जांच कर रही पुलिस
परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों से मौत के कारण की स्थिति और स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी.
