पति से तलाक के लिए आयी महिला से चाईबासा कोर्ट बाहर मारपीट
Copied link
बेटी और मोबाइल छीनकर फरार होने की शिकायत
चाईबासा.
पति से तलाक के लिए आयी महिला से चाईबासा कोर्ट के बाहर मारपीट कर बेटी और मोबाइल छीन कर फरार होने की शिकायत सदर थाना में दर्ज करायी गयी है. पीड़ित शबना निगार ने पति टीपू सुल्तान, उनके चचेरे भाई बादशाह खान और साजिद खान को नामजद आरोपी बनाया है. तीनों गोइलकेरा के निवासी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि तीनों आरोपी मारपीट कर उसकी बेटी और मोबाइल छीन कर फरार हो गये. गोइलकेरा निवासी शबना निगार ने 10 जून 2026 को दर्ज शिकायत में बताया कि वह बुधवार सुबह अपनी बेटी को लेकर पति से तलाक के सिलसिले में चाईबासा कोर्ट आयी थीं. अपने वकील से मिलने के बाद वह कोर्ट के बाहर सड़क पर खड़ी थीं. उसी समय पति टीपू सुल्तान, उसका चचेरा भाई बादशाह खान और साजिद खान वहां पहुंचे और मारपीट कर बेटी को छीन कर भाग गये. साथ ही तीनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने बताया है कि मदद के लिए जब वे अपने मोबाइल से 112 नंबर पर फोन कर रही थीं, उसी समय तीनों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया.
अतुल पाठक ने दून ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून से मास्टर डिग्री पूरी की है. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब तीन वर्षों का अनुभव है. पिछले दो वर्षों से वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और कोल्हान क्षेत्र की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के साथ काम करने का अनुभव है. स्थानीय मुद्दों, जनसरोकार और क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. पत्रकारिता के अलावा उन्हें क्रिकेट में विशेष रुचि है.