आनंदपुर : प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में वित्तीय खर्च का ऑडिट कराने पहुंचे शिक्षक दो दिनों तक ऑडिटर का इंतजार करते रहे, लेकिन ऑडिटर के नहीं पहुंचने के कारण ऑडिट की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. विभागीय सूचना के अनुसार विद्यालय प्रभारियों को 8 और 9 सितंबर को मध्याह्न भोजन समेत अन्य मदों में खर्च की गयी राशि का ऑडिट कराने के लिए बीआरसी में उपस्थित होना था.
घंटों ऑडिटर का इंतजार करते रहे शिक्षक
निर्धारित तिथि के अनुसार विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक आवश्यक वित्तीय अभिलेख और दस्तावेज लेकर प्रखंड संसाधन केंद्र पहुंचे. शिक्षक घंटों तक ऑडिटर के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन उनके नहीं पहुंचने से ऑडिट का काम शुरू नहीं हो सका. दोनों दिनों तक शिक्षक बीआरसी में इंतजार करते रहे और अंततः बिना ऑडिट कराए लौटना पड़ा.
शिक्षकों ने जतायी नाराजगी
बीआरसी पहुंचे शिक्षक जॉनसन एक्का, अरुण महतो, श्रीकांत महतो, विक्टर जोजो, मृदुला भुइयां, सुरमनी मिंज समेत अन्य शिक्षकों ने बताया कि उन्हें 8 और 9 सितंबर को विद्यालय के एमडीएम व अन्य मदों में खर्च की गयी राशि का ऑडिट कराने के लिए बीआरसी आने की सूचना दी गयी थी. इसी आधार पर वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेज लेकर बीआरसी पहुंचे थे. शिक्षकों के अनुसार, ऑडिटर के नहीं पहुंचने पर उनसे संपर्क करने का भी प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका. शिक्षकों ने कहा कि विभागीय निर्देश के अनुसार वे समय और आवश्यक कागजात के साथ पहुंचे थे, लेकिन ऑडिटर के अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा और ऑडिट की प्रक्रिया अधूरी रह गयी.
