गुवा: किरीबुरू शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. थाना पुलिस ने अब्दुल रेफ्रिजरेटर दुकान के बाहर से पुराना एसी चोरी कर जंगल में उसे तोड़ रहे एक नाबालिग को रंगेहाथ पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार, एसी को तोड़कर उसमें से तांबे के तार समेत अन्य कीमती सामान निकाला जा रहा था. घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गये. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
चोरी का AC जंगल में ले जाकर खोल रहे थे
बताया जाता है कि चोर दुकान के बाहर रखा पुराना एसी उठाकर पास के जंगल में ले गये थे. वहां मशीन को तोड़कर उसके अंदर से तांबे के तार और अन्य सामग्री निकालने का काम चल रहा था. इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली और टीम ने मौके पर पहुंचकर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया.
पुलिस ने नाबालिग को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया है. पूछताछ में उसने चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े कुछ लोगों के नाम बताये हैं. पुलिस इन नामों और मिली जानकारी का सत्यापन कर रही है.
पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर दी सख्त हिदायत
चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए किरीबुरू एसडीपीओ विनीत किंडो ने थाना प्रभारी रोहित कुमार के सहयोग से शहर के पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाया. उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गयी. साथ ही अपने-अपने इलाकों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की जानकारी पुलिस को देने का निर्देश दिया गया.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्त लोगों पर नजर रखी जा रही है.
इन इलाकों में बढ़ायी गयी निगरानी
पुलिस के अनुसार मेन मार्केट हाटिंग, प्रोस्पेक्टिंग, चर्च हाटिंग और मुर्गापाड़ा समेत विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ायी गयी है. इन क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में नाबालिगों की संलिप्तता की सूचनाओं को भी गंभीरता से लिया जा रहा है.
पुलिस नाबालिगों के अपराध में शामिल होने की परिस्थितियों के साथ उन्हें संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है. पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी तरह की आपराधिक संलिप्तता की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है.
