चक्रधरपुर: शहर के शीतला मंदिर के समीप स्थित श्री श्री साईं देवस्थान मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया. सुबह से देर रात तक चले धार्मिक अनुष्ठानों, भव्य पालकी यात्रा, भजन संध्या और विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्री शिरडी साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया. पूरे दिन मंदिर परिसर साईं भजनों, आरती और 'ॐ साईं राम' के जयघोष से भक्तिमय बना रहा.
महोत्सव का शुभारंभ प्रातः छह बजे विशेष पूजा एवं काकड़ आरती से हुआ इसके बाद मंदिर के प्रमुख गोविंदा दोदराजका एवं आदर्श दोदराजका के नेतृत्व में गणेश पूजन, घट स्थापना, नवग्रह पूजन, श्री दत्तात्रेय हवन, गायत्री हवन, दुर्गा हवन तथा लक्ष्मी हवन विधिवत संपन्न कराया गया. सुबह 10 बजे श्रद्धालुओं ने श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण किया.
11 बजे साईं बाबा का विशेष अभिषेक एवं पूजन तथा दोपहर 12 बजे मध्यान आरती हुई. आरती के उपरांत आयोजित महाप्रसाद वितरण में एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
शाम चार बजे श्री श्री शिरडी साईं भक्त मंडल के तत्वावधान में साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई. पालकी मंदिर परिसर से पुरानी रांची रोड, भगत सिंह चौक, मुख्य मार्ग, पुरानी बस्ती, राजबाड़ी रोड और बाटा रोड सहित शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर पहुंची.
पालकी के आगे-आगे सजे-धजे दो घोड़े आकर्षण का केंद्र बने रहे, जबकि महिला एवं पुरुष श्रद्धालु साईं भजनों पर झूमते हुए 'ॐ साईं राम' का जयघोष करते चल रहे थे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया और प्रसाद अर्पित किया. संध्या छह बजे संध्या आरती के बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ.
रांची से आमंत्रित प्रसिद्ध भजन गायिका चुमकी राय ने सुमधुर साईं भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया. देर शाम महाआरती के पश्चात श्री श्री शिरडी साईं भक्त मंडल की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. मंडल के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था और प्रसाद वितरण का दायित्व सुव्यवस्थित ढंग से निभाया.
महोत्सव के दौरान पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई, पूर्व अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष अशोक सारंगी तथा पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष केडी शाह ने मंदिर पहुंचकर साईं बाबा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की.
आयोजन को सफल बनाने में श्री श्री शिरडी साईं भक्त मंडल के प्रमुख आदर्श दोदराजका, उत्तम शाह, गणेश पड़िया सहित मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने साईं बाबा के बताए श्रद्धा, सबूरी और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
