बोकारो: संत जेवियर्स विद्यालय बोकारो में चल रहे दो दिवसीय सीआईएससीई बिहार-झारखंड क्षेत्रीय खो-खो प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ. मुख्य अतिथि सीआईएससीई बिहार-झारखंड के जोनल सेक्रेटरी सह मेजबान विद्यालय के प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे ने खिलाड़ियों ने विजेता व उप विजेता टीम को सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि खेल मानसिक रूप से मजबूत व शारीरिक रूप से दक्ष बनाता है.
भावना, अनुशासन व टीमवर्क के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खेल प्रेरित करता है. खिलाड़ियों ने उत्साह, कौशल व खेल भावना का शानदार परिचय दिया है. मौके पर कोषाध्यक्ष फादर थॉमस रॉडरिग्स, फादर मनोज, उप प्राचार्य देवाशीष गुप्ता, दीपक चौधरी, सिस्टर सुनीता, सिस्टर अनुपमा, रजिस्ट्रार सोनिया सोलोमन, सहायक अर्चना कुमारी, प्रबंधक सचित, राजेश सहित विद्यालय परिवार मौजूद था.
खो-खो प्रतियोगिता में रांची, जमशेदपुर, देवघर, भागलपुर, पटना व धनबाद जोन की बालक व बालिका (अंडर 14, अंडर 17 व अंडर 19) वर्ग टीम ने हिस्सा लिया. इसमें अंडर 14 बालक वर्ग में विजेता भागलपुर व उप विजेता रांची, अंडर 14 बालिका वर्ग में विजेता धनबाद व उप विजेता रांची, अंडर 17 बालक वर्ग में विजेता भागलपुर व उप विजेता देवघर, अंडर 17 बालिका वर्ग में विजेता रांची व उप विजेता धनबाद, अंडर 19 बालक वर्ग में विजेता भागलपुर व उप विजेता जमशेदपुर, अंडर 19 बालिका वर्ग विजेता धनबाद व उप विजेता भागलपुर की टीम रही. खिलाडियों ने अनुशासन में रहकर बेहतर प्रदर्शन किया. स्कूल परिवार ने सभी का उत्साहवर्द्धन किया.
