श्रावण माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तेलमच्चो पुल स्थित दामोदर नदी में स्नान कर चिड़का धाम, पुरुलिया जलार्पण के लिए जाने को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है.
एसडीओ, चास प्रांजल ढांडा की ओर से जारी आदेश के अनुसार 09, 10, 16, 17, 23 व 24 अगस्त 2026 को सुबह 10:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक तेलमच्चो पुल से आइटीआइ मोड़ तक एनएच-32 पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी.
इस दौरान तेलमच्चो से आईटीआई मोड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन सड़क के दाहिने लेन से होगा. संबंधित थाना प्रभारी निर्धारित समय व स्थल पर यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे.
श्रद्धालुओं व वाहन चालकों से जिला प्रशासन ने अपेक्षा की है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करेंगे और सावधानी पूर्वक यात्रा करेंगे.
