बोकारो: रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भारतीय डाक विभाग की ओर से सोमवार को आयोजित राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन चिन्मय विद्यालय सेक्टर-05 बोकारो में किया गया. प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक और कलात्मक राखियां तैयार की तथा उन्हें अपने भाई-बहनों के लिए डाक के माध्यम से भेजा. कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सूरज शर्मा, वरीय उप प्राचार्य नरेंद्र कुमार व उप प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा उपस्थित रहे. विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई राखियों को पोस्ट कराने के लिए भारतीय डाक विभाग के पांच प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
50 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया. विद्यालय की कला शिक्षिका सोमा रॉय के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए विभिन्न डिजाइनों की सुंदर राखियां तैयार की. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की सृजनात्मक क्षमता को बढ़ावा देना, भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक महत्ता को मजबूत करना तथा अपनी भावनाओं को कला के माध्यम से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना था.
डाक विभाग की पहल की सराहना
इस अवसर पर प्राचार्य सूरज शर्मा ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता दुनिया का सबसे पवित्र रिश्ता होता है. उन्होंने कहा कि कला और रचनात्मकता भावनाओं की अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम हैं. साथ ही भारतीय डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया. मौके पर डाककर्मी रामदास कपूर सहित अन्य मौजूद थे. धर्मनाथ कुमार
