बोकारो से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
Bokaro: चास थाना क्षेत्र स्थित चेक पोस्ट के समीप शिवा लॉज के तीन तल्ले पर कमरा नंबर 15 में शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार को पुलिस ने बरामद किया. कमरे में मिले कागजात के आधार पर मृतक की पहचान लक्ष्मण साव (45 वर्ष) (पिता कृष्णा साव, जयप्रकाश नगर, थाना धनबाद) के रूप में की गयी है. सूचना पाकर चास एएसपी वेदांत शंकर के साथ चास थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सूचना पाकर धनबाद से परिजन पहुंचे. आवेदन देकर संदेहास्पद मौत की जांच की मांग की है. परिजन मृतक लक्ष्मण के शव को लेकर धनबाद चले गये. घटना स्थल पर फोरेसिंग टीम, फिंगर प्रिंट एक्स्पर्ट टीम सहित अन्य वैज्ञानिक अनुसंधान टीम पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित कर रही है.
दूसरे शख्स के नाम पर बुक था कमरा
पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच-पडताल में पता चला कि तीन दिन पूर्व ही लक्ष्मण साव लॉज में आया था. कमरा संख्या 15 अजय साव के नाम से बुक था. उसी कमरे में लक्ष्मण साव ठहरा हुआ था. शुक्रवार को लॉज का एक कर्मचारी उपरी तल्ले पर गया था. उसे तेज दुर्गंध महसूस हुई. इसकी जानकारी मैनेजर को दी गई. इसके बाद लॉज के सभी कर्मचारी उपर आये. पुलिस को सूचना दी गयी. दरवाजा खुलने पर लक्ष्मण के शव को फंदे के सहारे पंखे से लटका पाया गया. शव सड़-गल चुका था. तेज दुर्गंध आ रही थी.
आत्महत्या या हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस जांच में जुट गयी है कि मामला आत्महत्या से जुड़ा है या फिर लक्ष्मण साव की हत्या कर उसके शव को लटका दिया गया है. लॉज के अंदर व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंघाला जा रहा है. साथ ही अजय साव की तलाश शुरू कर दी गयी है, जिसके नाम से कमरा बुक था. इसके अलावे तीन दिनों में मृतक से मिलने कमरे में कौन-कौन आया था, इसकी पहचान शुरू कर दी गयी है. लॉज के रिसेप्शन पर रखे विजिटर्स रजिस्टर की जांच की जा रही है.
तुरंत ही जुट गए आसपास के लोग
घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में आसपास के लोग लॉज में जुट गये. लॉज कैंपस से मृतक की बाइक (जेएच10एवी – 3901) मिली है. मृतक के परिवार को पुलिस ने सूचित कर दिया है. घटना की जांच हो रही है. पुलिस टीम लॉज के मैनेजर व सभी कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है.
क्या कहना है पुलिस का
चास एएसपी वेदांत शंकर ने कहा कि मामले को लेकर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. घटना की बारिकी से जांच की जा रही है. सभी साक्ष्य एकत्रित किये जा रहे हैं. जल्द ही मामले का उदभेदन कर लिया जायेगा.
ये भी पढ़ें…
Bokaro: विवाहिता की मौत के बाद हंगामा, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
Bokaro: न OTP आया न ही लिंक दबाया, फिर भी 1.92 लाख गंवाया, अब लगाने पड़ रहे थाने के चक्कर
