बोकारो में आधे घंटे की बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, सिटी सेंटर और लक्ष्मी मार्केट जलमग्न

बोकारो में हुई तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है. सेक्टर-4 सिटी सेंटर और लक्ष्मी मार्केट में जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है.

बोकारो में बुधवार को अचानक बदले मौसम के बीच तेज हवा और गरज-चमक के साथ करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई. तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी.

सेक्टर-4 सिटी सेंटर और लक्ष्मी मार्केट परिसर में जगह-जगह पानी भर गया. कई स्थानों पर सड़क और बाजार परिसर तालाब में तब्दील नजर आया. दुकानों के सामने घुटने तक पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई.

सेक्टर-04 लक्ष्मी मार्केट में बारिश के बाद जमा पानी

बारिश के दौरान सेक्टर-4 मजदूर मैदान में चल रहे गणेश पूजा आयोजन का पंडाल भी तेज हवा के कारण हिलने लगा. पंडाल को गिरने से बचाने के लिए पूजा समिति के सदस्यों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मोर्चा संभाला. काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. तेज हवा और बारिश के कारण कुछ देर तक पूजा स्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा.

अतिक्रमण हटाने के बाद भी जलजमाव से राहत नहीं

सिटी सेंटर और लक्ष्मी मार्केट में जलजमाव की समस्या पुरानी है. सीवरेज और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से यहां व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था. अभियान के दौरान कई दुकानों और अवैध निर्माण को हटाया गया.

ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर युवती को ले जाने का आरोप; तीन सप्ताह बाद झारसुगुड़ा से बरामद

स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की संपत्ति प्रभावित होने के बावजूद बारिश के बाद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. बुधवार की बारिश ने भी दिखा दिया कि केवल अतिक्रमण हटाने से जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है. पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश थमने के बाद भी काफी देर तक सड़क और बाजार परिसर में पानी जमा रहा.

मरीजों और दुकानदारों की बढ़ी परेशानी

लक्ष्मी मार्केट बोकारो का प्रमुख दवा और चिकित्सा क्षेत्र है. बारिश के बाद पूरे दवा बाजार में पानी भर गया. दवा खरीदने पहुंचे मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को पानी के बीच से होकर दुकानों तक पहुंचना पड़ा. दुकानदारों को भी दुकानों में पानी घुसने की चिंता सताती रही.

जलजमाव के कारण बाजार की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं. स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, हर बार तेज बारिश के बाद ऐसी स्थिति बनती है. नालियों की सफाई और सीवरेज लाइन की मरम्मत समय पर नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती. थोड़ी देर की तेज बारिश में ही मुख्य सड़क और बाजार परिसर जलमग्न हो जाता है.

उपायुक्त पहले कर चुके हैं स्थल निरीक्षण

गौरतलब है कि बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा पूर्व में सेक्टर-4 लक्ष्मी मार्केट और सिटी सेंटर क्षेत्र का निरीक्षण कर जलजमाव की समस्या का जायजा ले चुके हैं. प्रशासन की कार्रवाई का उद्देश्य जल निकासी की समस्या दूर करने के साथ पाथवे और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर आपातकालीन आवागमन को सुगम बनाना था.

इसके बावजूद सीवरेज व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि जलजमाव से राहत के लिए अतिक्रमण हटाने के साथ जल निकासी की स्थायी व्यवस्था भी जरूरी है.

सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने की मांग

बारिश के बाद स्थानीय दवा दुकानदारों और व्यवसायियों ने जिला प्रशासन से जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. युवा समाजसेवी अंकित सिंह ने उपायुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की.

ये भी पढ़ें: BSL में कर्मियों ने तैयार किया इन-हाउस CDI सिस्टम, कोक की जगह पुल्वराइज्ड कोल से सालाना 100 करोड़ की बचत का अनुमान

उन्होंने बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन को सीवरेज लाइन की मरम्मत और ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की. स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करना जरूरी है. तभी बारिश के दौरान सिटी सेंटर और लक्ष्मी मार्केट को बार-बार होने वाले जलजमाव से राहत मिल सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dharmanath kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >