बोकारो: रामरुद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस परिसर में पद्मभूषण स्व शिबू सोरेन की स्मृति में स्थापित गुरुजी रात्रि पाठशाला में मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित हुई. उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा गुरुजी का संपूर्ण जीवन संघर्ष, शिक्षा व सामाजिक चेतना का प्रतीक रहा है. गुरुजी की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी पर है. उनके विचार व जीवन-दर्शन को आत्मसात कर समाज के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. व्यक्तिगत पीड़ा को बनायी सामाजिक परिवर्तन की शक्ति उपायुक्त ने कहा गुरुजी ने जीवन की व्यक्तिगत पीड़ा को समाज परिवर्तन की शक्ति बनायी थी. उन्होंने बहुत पहले समझ लिया था कि समाज की अधिकांश समस्याओं की जड़ अशिक्षा है. इसी सोच के साथ उन्होंने गांव-गांव में रात्रि पाठशालाओं की शुरुआत की, जहां दिनभर काम करने वाले लोग रात में शिक्षा ग्रहण कर सकें. रात्रि पाठशाला बनेगी सभी वर्गों के लिए ज्ञान का केंद्र उपायुक्त ने कहा : गुरुजी रात्रि पाठशाला केवल एक भवन नहीं, बल्कि ज्ञान, जागरूकता व सामाजिक परिवर्तन का केंद्र बनेगी. भविष्य में इसे और विकसित किया जाएगा, ताकि यहां बच्चे, युवा, महिला व बुजुर्ग सभी अध्ययन कर सकें. गुरुजी का संघर्ष आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा : डीडीसी उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा : स्व शिबू सोरेन का संघर्षपूर्ण जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उनकी अंतिम यात्रा के दौरान हजारों लोगों की स्वतःस्फूर्त उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया था कि गुरुजी लोगों के दिलों में किस प्रकार बसे हुए थे. प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से पूर्व में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के सफल 11 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया. मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
गुरुजी रात्रि पाठशाला ज्ञान और सामाजिक परिवर्तन का केंद्र बनेगी: डीसी बोकारो

बोकारो डीसी अजय नाथ झा| Prabhat Khabar Network
Copied link
बोकारो में गुरुजी रात्रि पाठशाला के कार्यक्रम में उपायुक्त ने शिबू सोरेन के संघर्ष और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। सफल प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित।