चास (बोकारो) : चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालापत्थर गांव में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने चार घरों में चोरी कर करीब आठ लाख रुपये के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. वहीं दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले पुपुनकी गांव की एक कॉलोनी में भी बंद घर में चोरी की घटना हुई थी, लेकिन अब तक उसका खुलासा नहीं हो सका है. लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है. पंचायत के मुखिया और ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.
इन घरों को बनाया निशाना
चोरों ने लालदेव गोराई, तुलसी महतो, आशु गोराई और जगरनाथ महतो के घरों में चोरी की. वहीं सीनू गोप और बिनोद गोप के घर में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन चोरी करने में सफल नहीं हो सके.
साढ़े पांच लाख के गहने और महत्वपूर्ण कागजात चोरी
पीड़ित लालदेव गोराई ने बताया कि चोर उनकी बेटी के करीब ₹5.50 लाख के सोने के आभूषण, 300 ग्राम चांदी, जमीन के कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए. उन्होंने बताया कि जिस कमरे में परिवार के सदस्य सो रहे थे, चोरों ने उसे बाहर से बंद कर दिया था और फिर आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. तुलसी महतो ने बताया कि रात करीब एक बजे के बाद चोर घर में घुसे और उनकी बेटी की सोने की चेन, कान की बाली, मंगलसूत्र, 600 ग्राम चांदी, कांसा-पीतल के बर्तन तथा जरूरी कागजात चोरी कर ले गए.
वहीं, आशु गोराई के घर से ₹10 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए. चोर घर से दो बक्से भी उठा ले गए. बाद में कीमती सामान निकालकर एक बक्सा तालाब किनारे और दूसरा खेत में फेंक दिया. जगरनाथ महतो के घर का दरवाजा तोड़कर भी चोर कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
पुलिस बोली- सक्रिय गैंग की तलाश जारी
चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश कुमार मंडल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में किसी सक्रिय चोरी गिरोह की संलिप्तता की आशंका है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. ग्रामीणों का कहना है कि गांव से थाना महज आधा से एक किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें...
हजारीबाग में हाईवा वाहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 'प्रिंस खान K.S.S.' का पर्चा छोड़ फरार हुए अपराधी
JPSC घोटाला: जांच में मुख्य आरोपी की भूमिका पर नए खुलासे, होटल को बनाया था 'सेटिंग' का अड्डा
