Bokaro News : विभागों को वार्षिक एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश
Copied link
Bokaro News : डीसी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं व कार्यों की समीक्षा की.
समाहरणालय कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को कृषि, सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन, भूमि संरक्षण व सर्वेक्षण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. विभागीय पदाधिकारी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक एक्शन प्लान अविलंब तैयार कर जिला को समर्पित करने का निर्देश दिया. टांड़ भूमि पर विशेष ध्यान देते हुए अधिक से अधिक धान की खेती सुनिश्चित करने की बात कही. बीज वितरण में लापरवाही नहीं होने देने व किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही मल्टी क्रॉप व इंटर क्रॉप खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
उपायुक्त ने गांव का पानी गांव में व खेत का पानी खेत में… अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया. ऊपरी क्षेत्र में मिट्टी का मेड़ निर्माण, भू-जल रिचार्ज, सरोवर व डोभा निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा. आम बागवानी क्षेत्रों में सिंचाई व जल संरक्षण की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर मत्स्य पदाधिकारी को कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही मनरेगा के तहत आम बागानों में अतिरिक्त उपयोगी कार्यों की संभावनाओं पर कार्य करने के लिए जिला उद्यान पदाधिकारी को निर्देशित किया.
सभी प्रखंडों में विकसित होंगे आदर्श उद्यान और मॉडल तालाब
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में आदर्श उद्यान (बागान) विकसित करने का निर्देश दिया. कहा कि उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग व ब्रांडिंग पर कार्य हो. वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर औषधीय पौधों के रोपण को भी बढ़ावा दिया जाये. जिला मत्स्य पदाधिकारी को प्रत्येक प्रखंड में कम से कम एक-एक तालाब को मॉडल तालाब के रूप में विकसित करने व मत्स्य पालन को बढ़ावा देने का निर्देश दिया. इसके अलावा उन्होंने पशुपालन विभाग की चारा सुरक्षा उत्पादन व टीकाकरण संबंधी योजनाओं की समीक्षा की. वहीं, भूमि संरक्षण विभाग की ओर से गाद निकासी, तालाब जीर्णोद्धार, परकोलेशन टैंक निर्माण व अन्य जल संरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली.
कृषक पाठशाला एग्रो टूरिज्म मॉडल के रूप में हो विकसित
नावाडीह व जरीडीह के कृषक पाठशाला को एग्रो टूरिज्म मॉडल के रूप में विकसित करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया. कहा कि तालाबों को मॉडल बनाया जाये व गोटरी बैंक योजना शुरू हो. जिला कृषि पदाधिकारी को अगले सप्ताह जिला के प्रगतिशील किसानों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, स्वाइल हेल्थ कार्ड, किसान समृद्धि योजना व कृषि पाठशाला कार्यक्रमों की समीक्षा की. वहीं भूमि संरक्षण एवं सर्वेक्षण विभाग की ओर से ट्रैक्टर वितरण व जलनिधि पंप सेट वितरण व लक्ष्य की भी जानकारी ली. सभी लाइन विभाग के पदाधिकारियों को नवाचार आधारित कार्य योजनाओं पर काम करने का निर्देश दिया.
बकरा वितरण एवं गोदाम निर्माण योजनाओं की हुई समीक्षा
पशुपालन विभाग से बकरा वितरण योजना, शूकर विकास योजना व जोड़ा बैल योजना की प्रगति की जानकारी ली. जबकि, सहकारिता विभाग की ओर से सभी प्रखंडों में गोदाम निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए अंचलों से समन्वय कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
ये थे मौजूद
डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी शाहिद, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ असीम कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी रितुराज, जिला मत्स्य पदाधिकारी नीलम एक्का, जिला उद्यान पदाधिकारी अंजली राय, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.