चिह्नित मूल झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा की बैठक सोमवार को पुपुनकी ब्रिज स्थित झामुमो जिला शाखा कार्यालय में हुई. अध्यक्षता झारखंड आंदोलनकारी लंबोदर महतो और संचालन अख्तर अंसारी ने किया. मुख्य अतिथि मोर्चा के संयोजक लुकमान अंसारी ने सभी झारखंड आंदोलनकारियों को हरा गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया. कहा कि झारखंड सरकार को मूल झारखंड आंदोलनकारियों को उचित सम्मान देना चाहिए. यह पहचान और अस्तित्व की लड़ाई भी है. अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाले मूल आंदोलनकारियों की पहचान पर सवाल खड़े हो रहे हैं. पेंशन के लालच में फर्जी आंदोलनकारियों की संख्या बढ़ी है, जिससे वास्तविक आंदोलनकारियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं. सरकार मूल झारखंड आंदोलनकारियों की पहचान सुनिश्चित करते हुए पेंशन दे. लुकमान अंसारी ने चिन्हितिकरण आयोग से भी फर्जी आंदोलनकारियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की.
सीएम से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आठ जून को मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिल कर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा. बैठक में मुक्तेश्वर महतो, लखिंदर महतो, सपन महतो, मोहनलाल हांसदा, बादल मुर्मु, टुपलाल महतो, कलीम अंसारी, सुबल महतो आदि उपस्थित थे.
