CBSE 12th Result 2026, बोकारो (दीपक सवाल की रिपोर्ट): बोकारो जिले के कसमार प्रखंड की मेधावी छात्रा भव्या कुमारी ने सीबीएसई 12वीं की परीक्षा में अपनी अभूतपूर्व सफलता से पूरे राज्य का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है. उन्होंने इस परीक्षा में कुल 500 अंकों में से 499 अंक प्राप्त कर इंडिया टॉपर बनीं हैं. उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे कसमार प्रखंड और बोकारो जिले को गौरवान्वित किया है.
शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान
कसमार प्रखंड के पाड़ी निवासी लक्ष्मीकांत महतो की पुत्री और गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो की भतीजी भव्या कुमारी की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी लक्ष्य हासिल करना असंभव नहीं है. भव्या की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है. परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से ही उनके पैतृक आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
Also Read: गोड्डा में आधी रात को कट्टा लहराकर मचा रहे थे गदर, महागामा पुलिस ने बुलेट और KTM के साथ 3 को दबोचा
कड़ी मेहनत और अनुशासन बनी सफलता की कुंजी
भव्या की इस शानदार सफलता के पीछे उनकी वर्षों की कठिन मेहनत और अनुशासित दिनचर्या रही है. परिजनों ने बताया कि भव्या बचपन से ही मेधावी रही हैं और पढ़ाई के प्रति उनका समर्पण हमेशा से ही असाधारण रहा है. परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने किसी बाहरी दबाव के बजाय नियमित स्वाध्याय (Self-study) और आत्मविश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाया. भव्या ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और विशेष रूप से अपने चाचा डॉ. लंबोदर महतो के मार्गदर्शन को दिया है.
क्षेत्र में हर्ष का माहौल, मिल रही हैं शुभकामनाएं
भव्या कुमारी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रमुख शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है. लोगों का कहना है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी प्रतिभा दिखाना अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा. भाव्या की इस गौरवपूर्ण सफलता पर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं दी जा रही हैं.
Also Read: मामूली मरम्मत के अभाव में कबाड़ बनती जा रही एंबुलेंस, कुड़ू में मरीजों की बढ़ी परेशानी
