बोकारो से सीपी सिंह की रिपोर्ट
Bokaro News: बोकारो में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के पहले चरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है. जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि गणना फॉर्म के वितरण, संग्रह और डिजिटाइजेशन का कार्य 29 जुलाई 2026 को समाप्त हो गया. अब आगामी 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. इसके बाद पात्र मतदाताओं को अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने अथवा दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा.
5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची
जिला प्रशासन के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन जिले के सभी मतदान केंद्रों, पंचायत सचिवालयों तथा संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों में किया जाएगा. मतदाता इस सूची में अपना नाम देखकर उसकी स्थिति की जांच कर सकेंगे. यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है या किसी कारणवश हटाया गया है, तो वह निर्धारित अवधि के भीतर दावा प्रस्तुत कर सकेगा.
इन श्रेणियों के मतदाता कर सकेंगे दावा
प्रशासन ने बताया कि अनकलेक्टेड श्रेणी के अंतर्गत कुल पांच श्रेणियां शामिल की गई हैं. इनमें डेथ, डुप्लिकेट, अनुपस्थित, परमानेंट शिफ्टेड और अन्य शामिल हैं. इनमें विशेष रूप से अनुपस्थित, परमानेंट शिफ्टेड और अन्य श्रेणी में शामिल ऐसे मतदाता, जो यह दावा करते हैं कि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में बना रहना चाहिए, उन्हें 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा. ऐसे मतदाता फॉर्म-6 भरकर अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कर सकते हैं. इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है.
बोकारो जिले में 2.65 लाख से अधिक मतदाता इस श्रेणी में
जिला प्रशासन की ओर से विधानसभावार आंकड़े भी जारी किए गए हैं. इनके अनुसार अनुपस्थित, परमानेंट शिफ्टेड और अन्य श्रेणी में बोकारो जिले के कुल 2,65,804 मतदाता शामिल हैं.
विधानसभावार इन मतदाताओं की संख्या
- 34-गोमिया विधानसभा क्षेत्र: 23,670 मतदाता
- 35-बेरमो विधानसभा क्षेत्र: 44,483 मतदाता
- 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र: 1,78,770 मतदाता
- 37-चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र: 18,881 मतदाता
सबसे अधिक संख्या बोकारो विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई है.
5 अगस्त से 4 सितंबर तक मिलेगा अवसर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन 2,65,804 मतदाताओं में से जो भी यह दावा करेंगे कि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल रहना चाहिए, वे 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं. इसके लिए संबंधित बीएलओ के पास फॉर्म-6 जमा करने के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. इससे मतदाताओं को घर बैठे आवेदन करने में आसानी होगी.
ड्राफ्ट सूची से नाम छूटने पर भी कर सकेंगे आवेदन
जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम किसी कारणवश प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो वह भी इसी अवधि में दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है. दावा प्राप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार प्रत्येक आवेदन की जांच की जाएगी. जांच में पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं का नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: छात्रवृत्ति योजनाओं में केंद्रीय सहायता बढ़ाने की मांग, सीएम हेमंत ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
समय पर दावा करना जरूरी
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद वे अपने नाम की अनिवार्य रूप से जांच करें. यदि किसी प्रकार की त्रुटि, नाम विलोपन या अन्य समस्या सामने आती है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं. समय पर आवेदन करने से अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया आसान होगी और पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने सरकार के सामने रखीं 10 प्रमुख मांगें, पूरी नहीं हुई तो सीएम हेमंत को देना होगा इस्तीफा
