Bokaro News : जल्द गलतियां सुधारें लाभुक, खाते में आयेगी योजना की राशि : उपायुक्त

Bokaro News : मंईयां सम्मान योजना को लेकर प्रभात खबर में समाचार प्रकाशित पर डीसी ने लिया था संज्ञान, सहायक निदेशक-सामाजिक सुरक्षा ने राशि नहीं मिलने के कारणों की पड़ताल

बोकारो, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों के खाते में एक साथ तीन माह की किस्त 7500 रुपये भेज दी गयी है. लेकिन कई महिलाओं के खाते में अब तक राशि नहीं पहुंची है. 20 मार्च को प्रभात खबर ने ‘बोकारो में सवा लाख लाभुकों को नहीं मिल रहा मंईयां सम्मान योजना का लाभ’ शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था. इसके बाद शुक्रवार को बोकारो डीसी विजया जाधव के निर्देश पर सहायक निदेशक-सामाजिक सुरक्षा ने इसके कारणों की पड़ताल की. इसमें कई त्रुटियां मिली. इस बाबत उपायुक्त ने लाभुकों से गलतियों में जल्द सुधार करने की बात कही है. कहा कि गलतियां दूर होते ही खाते में पैसे आएंगे. उपायुक्त ने सभी बीडीओ-सीओ को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के ऐसे लाभुकों जिनका रिजेक्शन लिस्ट में नाम है, उसकी सूची को प्रखंड – अंचल कार्यालय में कई स्थानों पर लगाने व सभी पंचायत सचिवालयों में भी कई स्थानों पर लगाने का निर्देश दिया.

पड़ताल में मिलीं ये त्रुटियां

पड़ताल में यह बात सामने आयी है कि अधिकतर महिलाओं के खाते में पैसे नहीं आने की सबसे बड़ी वजह बैंक अकाउंट का आधार से लिंक नहीं होना है. दूसरी वजह यूडीडीपी पोर्टल के आधार डेटा एवं मंईयां सम्मान योजना के पोर्टल पर दर्ज आधार डाटा में अंतर होना है. विशेषकर लाभुकों के नाम व जन्म तिथि में त्रुटि है. इसके अतिरिक्त एक ही खाते का एक से अधिक लाभुकों के डाटाबेस में इंट्री होना तथा एक ही लाभुक का अलग अलग प्रखंडों से इंट्री भी शामिल हैं. गलत राशन कार्ड या फर्जी राशन कार्ड नंबर अंकित होना भी प्रमुख कारण है. इस वजह से अभी बड़ी संख्या में महिलाओं को होल्ड पर रखा गया है.

ऐसे आयेंगे लंबित पैसे

विभाग की ओर से बार-बार कहने के बावजूद भी बड़ी संख्या में लाभुक महिलाओं ने ना तो अपना आधार कार्ड बैंक से लिंक करवाया ना ही केवाइसी करवाया है. बिना केवाइसी के अकाउंट में पैसे नहीं आएंगे, इसलिए सबसे पहले अपना आधार कार्ड बैंक से लिंक करवाएं, साथ ही अपना केवाइसी भी करवाएं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >