Bokaro News : बीएसएल के 114 कर्मियों को मिला दीर्घकालीन सेवा सम्मान

Bokaro News : 25 सालों की सेवा दे चुके छह अधिशासी व 108 अनधिशासियों को मिला प्रमाण पत्र व उपहार, निदेशक प्रभारी ने अपना व्यापक अनुभव सहकर्मियों से साझा करने का किया आह्वान

बोकारो, बोकारो स्टील प्लांट में 25 सालों की सेवा दे चुके 114 कर्मियों को मंगलवार को आयोजित दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया. मानव संसाधन (ज्ञानार्जन एवं विकास) विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी बीके तिवारी ने कर्मियों को उनके निष्ठापूर्ण सेवा के लिए बधाई दी. उन्हें अपना व्यापक अनुभव अन्य सहकर्मियों से भी साझा करने का आह्वान किया.

इस दौरान छह अधिशासी व 108 अनधिशासियों को दीर्घ कालिक सेवा प्रमाण पत्र व उपहार अतिथियों ने दिया. मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हरि मोहन झा ने सभी का स्वागत किया. संचालन सहायक महा प्रबंधक (कार्मिक) डॉ नंदा प्रियदर्शिनी ने किया. महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रभाकर कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

ये थे मौजूद, मौके पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) सीआर महापात्रा, अधिशासी निदेशक (वित्त एवं लेखा) सुरेश रंगानी, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) सीआर मिश्रा, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी व प्रभारी बोकारो जनरल हॉस्पिटल डॉ बीबी करुणामय, मुख्य महाप्रबंधक, अन्य वरीय अधिकारी, मुख्य महाप्रबंधक व अन्य वरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे.

बीएसएल के प्रभारी निदेशक को सौंपा मांगपत्र

बोकारो, बोकारो की जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भाजपा नेता कुमार अमित सोमवार को बीएसएल के निदेशक प्रभारी बीके तिवारी से मिले. श्री अमित ने प्रभारी निदेशक को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा. पत्र में ठेका मजदूरों के लिए बोकारो में इएसआइ हॉस्पिटल बनाने, मेडिकल के नाम पर ठेका मजदूरों की छटनी बंद करने, शहीद मंगल पांडेय की प्रतिमा स्थापित करने, सेल कर्मियों के बकाया वेतन का भुगतान करने, बोकारो के विकास और संसाधनों के सदुपयोग के लिए सेल के खाली पड़े भवनों को उच्च एवं व्यवसायिक शिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य सेवाएं, कौशल विकास, आइटी जैसे क्षेत्रों के लिए उद्देश्य तय करके हीं प्रतिष्ठित निजी संस्थानों को देने, शेष बचे विस्थापित गांवों को पंचायत का दर्जा देने पर पहल करने, अप्रेंटिस ट्रेनिंग कर चुके विस्थापित बेरोजगारों को नियोजित करने, बीजीएच को जल्द सुपरस्पेलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित करने आदि की मांग शामिल है. इन सभी विषयों पर निदेशक प्रभारी ने सकारात्मक पहल करने की बात कही. मौके पर करण गोरांई, लालबाबू, राजीव सिंह, चंद्रप्रकाश, शैलेश कुमार आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >