विस्थापितों ने घेरा इडी का आवास

बोकारो: झारखंड रक्षक मोरचा के बैनर तले विस्थापितों ने गुरुवार को सेक्टर चार सी स्थित बीएसएल के इडी (पीएंडए) शितांशु प्रसाद के आवास का घेराव किया. आवास का घेराव करने वाले विस्थापित बीएसएल में नियोजन समेत 13 सूत्री मांग कर रहे थे. बगैर पूर्व सूचना के अचानक दर्जनों विस्थापित इडी के आवास पर पहुंचे और […]

बोकारो: झारखंड रक्षक मोरचा के बैनर तले विस्थापितों ने गुरुवार को सेक्टर चार सी स्थित बीएसएल के इडी (पीएंडए) शितांशु प्रसाद के आवास का घेराव किया. आवास का घेराव करने वाले विस्थापित बीएसएल में नियोजन समेत 13 सूत्री मांग कर रहे थे.

बगैर पूर्व सूचना के अचानक दर्जनों विस्थापित इडी के आवास पर पहुंचे और गेट के सामने बैठ कर बीएसएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. 13 जुलाई को वार्ता का आश्वासन मिलने के बाद आवास घेराव समाप्त हुआ.

आवास का घेराव देख कर भड़के डीआइजी : घटना की सूचना सेक्टर चार पुलिस को दी गयी. सेक्टर चार थाना के एक पुलिस पदाधिकारी और कुछ सिपाही पहुंचे. लेकिन सभी मुक दर्शक बन कर देखते रहे. जिस स्थान पर इडी शितांशु प्रसाद का आवास है. वह बोकारो का पौश इलाका है. इडी के आवास से कुछ दूरी पर ही बोकारो के प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश, कोयलांचल डीआइजी बोकारो, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के आइजी का आवास है. आंदोलन के वक्त कोयलांचल डीआइजी देव बिहारी शर्मा गुजर रहे थे. इडी के आवास का गैर कानूनी तरीके से घेराव कर रहे विस्थापितों को देख कर वह भड़क गये. गाड़ी रोक दी. विस्थापितों को 10 मिनट के अंदर हट जाने को कहा.

विस्थापितों के जाने के बाद भी मंडराते रहे थानेदार : वहां मौजूद पुलिस कर्मियों से डीआइजी ने पूछा कि थानेदार कहां हैं. पुलिस कर्मियों ने बताया कि थानेदार नहीं आये है. यह सुन कर डीआइजी नाराज हो गये. थानेदार को तुरंत बुलाने का आदेश दिया. हर हाल में 10 मिनट के अंदर आवास का घेराव खत्म कराने का निर्देश दिया. डीआइजी के गर्म तेवर को देख कर पुलिस कर्मी भी रेस हो गये. घेराव करने वाले विस्थापित भी उठ गये. डीआइजी के जाने के बाद चास एसडीओ श्याम नारायण राम भी पहुंचे. विस्थापितों की समस्या का निराकरण कराने के लिये बीएसएल प्रबंधन से यथाशीघ्र वार्ता कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद सभी विस्थापित चले गये. डीआइजी के गर्म तेवर को देख कर सेक्टर चार थानेदार विस्थापितों के जाने के कई घंटे बाद भी इडी आवास के पास ही मंडराते रहे.

पहली बार हुआ अधिकारी के आवास का घेराव

बीएसएल में नियोजन की मांग को लेकर बोकारो में पहली बार किसी अधिकारी का घेराव हुआ. इससे पहले बीएसएल सीइओ के आवास का घेराव हो चुका है. गुरुवार को जिस तरह से विस्थापितों ने बीएसएल के इडी-पी एंड ए का घेराव किया, उससे बीएसएल का अधिकारी वर्ग सकते में हैं. अधिकारियों का कहना था : बीएसएल में नौकरी देना उनके वश में नहीं है. बीएसएल के प्रशासनिक भवन पर प्रदर्शन या घेराव तो कुछ समझ में आता है. लेकिन, अधिकारी के आवास का घेराव समझ से परे है. इधर, बोकारो के बुद्धिजीवी वर्ग व कुछ यूनियन ने भी आवास घेराव की निंदा की. कहा : इस तरह से समस्या का समाधान नहीं होगा. बल्कि समस्या और गंभीर हो जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >