छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध से शुरू हुआ विवाद शुक्रवार रात हिंसक झड़प में बदल गया. इसके बाद मामला कोतवाली थाना परिसर तक पहुंच गया, जहां दो पक्षों के बीच पथराव हुआ. हालात बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा. इस घटना में कई पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है.
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर गाय को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से हुई. जिसके बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने इस टिप्पणी को लेकर पुलिस से शिकायत करने की बात कही और फिर बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाने पहुंचे.
इसी दौरान किसी की ओर से पत्थर फेंके जाने के बाद माहौल बिगड़ गया. इसके बाद दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया. कुछ रिपोर्टों में बताया गया है कि भीड़ की ओर से पुलिस के सामने जलते हुए पटाखे भी फेंके गए.
बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा, “यह एक निजी मामला था, जो बढ़ते-बढ़ते दो पक्षों के बीच विवाद में बदल गया. अब स्थिति नियंत्रण में है. जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.”
ये भी पढ़ें: बिहार के इन 11 जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की भी चेतावनी
पुलिस को क्यों करनी पड़ी सख्ती?
अचानक हुए पथराव के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. पुलिस ने पहले भीड़ को समझाकर पीछे हटाने की कोशिश की. लेकिन हालात नहीं सुधरे तो अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. इसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और हल्का बल प्रयोग किया गया.
पुलिस पर भी पथराव होने की जानकारी सामने आई है. इसमें थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात कही गई है.
ये भी पढ़ें: Chhattisgarh Rain Alert : छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? 3 सितंबर को 'बहुत भारी बारिश' का अलर्ट
अब आगे क्या?
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है. इसका मकसद पथराव करने वालों की पहचान करना है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
इसके साथ ही पुलिस सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी की भी जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टिप्पणी किस अकाउंट से की गई और उसके पीछे क्या संदर्भ था.
