ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, रेफर

रानीगंज-जदिया एनएच 327 ई पथ पर सोमवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार्गो ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया

जदिया

रानीगंज-जदिया एनएच 327 ई पथ पर सोमवार की दोपहर एक तेज रफ्तार कार्गो ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना हीरो शोरूम के समीप हुई, जहां टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. घायल युवक की पहचान जदिया पंचायत के वार्ड संख्या-08 (ड्राइवर चौक) निवासी मो सरफराज आलम के 17 वर्षीय पुत्र मो इजहार आलम के रूप में है. बताया जाता है कि इजहार किसी निजी कार्य से जदिया बाजार आया हुआ था. काम समाप्त कर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान जैसे ही वह हीरो शोरूम के पास पहुंचा, रानीगंज की ओर से आ रही एक कार्गो ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. इधर, जदिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक एवं बाइक को जब्त कर ली है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >