– मरीज ने अस्पताल के व्यवस्था पर उठाया सवाल
निर्मली. अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली में इलाज कराने पहुंचे एक मरीज ने अस्पताल की व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए है. मरीज ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.अनुमंडल क्षेत्र के बड़हरा गांव निवासी 41 वर्षीय बसंत सिंह ने बताया कि वह बुखार, सिरदर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद इलाज कराने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे थे. मरीज के अनुसार पहले पंजीयन कराने को कहा गया. जहां निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने का भी आरोप लगाया गया. मरीज का आरोप है कि पंजीयन के बाद जब वह ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने पहुंचे तो वहां डॉक्टर के स्थान पर एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की एक प्रशिक्षु छात्रा द्वारा दवा का पर्चा दिया गया. मरीज ने बताया कि उसे करीब 103 डिग्री बुखार था, लेकिन बुखार से राहत देने वाली मुख्य दवा नहीं मिलने पर उसने आपत्ति जताई. इसके बाद मामले की जानकारी मिलने पर तत्परता दिखाते हुए अस्पताल प्रबंधक मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे. मरीज के अनुसार अस्पताल प्रबंधक ने दोबारा डॉक्टर से जांच कराकर समस्या का समाधान कराया. मरीज ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच और प्रशिक्षु छात्रा द्वारा इलाज करने पर रोक की मांग की है. ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके.
कहते हैं अस्पताल उपाधीक्षक
इस संबंध में अस्पताल उपाधीक्षक डॉ शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि मरीजों को हुई परेशानी का समाधान करा दिया गया है. इस तरह की समस्या न हो इसके लिए डॉक्टरों को निर्देशित किया गया है.
